हिमाचल में सामने आए कोरोना वायरस पॉजिटिव में दो मंडी शहर और एक व्यक्ति सुंदरनगर क्षेत्र का है। प्रारंभिक जानकारी में पाया गया है कि दिल्ली से लौटने के बाद तीनों मंडी नहीं आए थे। 20 मार्च को यह ऊना में पहुंचे थे। इसके बाद तीनों मंडी में अपने परिजनों या किसी अन्य से संपर्क में तो नहीं आए, प्रशासन इसकी जांच कर रहा है। एहतियातन उनके परिवारों को क्वारंटीन किया गया है।
प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार प्रथम दृष्टया यह बात सामने आई है कि दिल्ली से लौटे तीनों युवक अपने घर नहीं पहुंचे हैं। इससे पहले तब्लीगी जमात के जलसे में शामिल होकर आए चार अन्य लोगों की पहचान भी प्रशासन कर चुका है। इनमें दो युवक सुंदरनगर की ग्राम पंचायत डुगराई, एक नगवाई और एक मंडी शहर का है। डीसी मंडी ऋग्वेद ठाकुर ने कहा कि प्रशासन उनके संपर्क की जांच कर रहा है। कड़े कदम उठाए जा रहे हैं।
उधर, सीएम जयराम ठाकुर के निर्देशों के बाद नेरचौक स्थित लाल बहादुर शास्त्री राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय (एसएलबीएसजीएमसी) को कोविड-19 के लिए पूर्ण रूप से समर्पित अस्पताल बनाने को लेकर प्रबंधन ने कमर कस ली है। लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कॉलेज के नोडल प्रभारी और चिकित्सा अधीक्षक शर्मा का कहना है कि पीसीआर लैब की प्रक्रिया चली हुई है। जल्द पीसीआर लैब यहां पर शुरू हो जाएगी। जल्द ही सीटी स्कैन मशीन भी यहां पहुंच जाएगी।