हिमाचल के बिलासपुर में पुलिस ने एक सब्जी की गाड़ी में चार लोगों को पंजाब की ओर जाते पकड़ा है। गाड़ी चालक के खिलाफ केस दर्ज कर गाड़ी कब्जे में ले ली है। चालक सहित सभी पांच लोगों को भी क्वारंटीन सेंटर में भेजा है। चालक सब्जी के खाली क्रेट में छुपाकर चारों लोगों को कीरतपुर तक ले जा रहा था।
पुलिस के अनुसार पिकअप सब्जी लेकर पंजाब के पटियाला से मंडी आई थी। वापस पंजाब की ओर जा रही थी। इसी दौरान चालक का यूपी के लोगों के साथ संपर्क हुआ जो मंडी में मजदूरी का काम करता था। उक्त लोगों से चालक ने कीरतपुर तक 1200 रुपये प्रति व्यक्ति किराया तय किया था।
बिलासपुर में पुलिस को शक हुआ तो गाड़ी को जांच के लिए रोका। इस दौरान पाया गया कि चालक ने चारों ओर सब्जी की खाली क्रेट लगाकर उसमें स्थान बना कर चार लोगों को बैठाया है। इन्हें कीरतपुर जाना था। गाड़ी में जा रहे चारों लोग उत्तर प्रदेश से संबंध रखते थे। चालक पंजाब के पटियाला का है। पुलिस ने चालक के खिलाफ केस दर्ज कर गाड़ी को कब्जे में ले लिया है। पकड़े गए चार लोगों और चालक को क्वारंटीन में भेजा है। एसपी बिलासपुर दिवाकर शर्मा ने बताया कि पुलिस ने बिलासपुर बस अड्डे के पास एक गाड़ी को चेकिंग के लिए रोका गया। इसमें खाली क्रेटों में चार लोगों को छिपाकर ले जाया जा रहा था। गाड़ी को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। सभी को क्वारंटीन में भेजा है।