कोविड-19 के बीच नौणी विवि की ओर से देश भर के लाखों किसानों-बागवानों जागरूक किया जा रहा है। विवि ने किसानों के लिए फेसबुक पेज बनाकर अलग-अलग वीडियो तैयार की और इसे पेज पर डाला जा रहा है। इसे किसानों ने भी पसंद किया है और इसके अनुसार ही प्रशिक्षण भी ले रहे हैं।
यही नहीं यह वीडियो यू-ट्यूब पर भी डाली गई हैं। यूएचएफ किसान सेवा फेसबुक पेज प्रदेश के साथ-साथ देशभर में लोकप्रिय हो गया है। इस पेज पर केवल खेती, बागवानी, एडवायजरी संबंधित वीडियो ही अपलोड किए जा रहे हैं। इन वीडियो की रीच लाखों लोगों तक हो रही है। इसके अलावा हजारों लाइक और काफी अधिक शेयर भी वीडियो को मिल रहे हैं।
विवि के लोक संपर्क अधिकारी सुचेत अत्रि ने बताया कि इन वीडियो में सभी जानकारी प्रयोगात्मक रूप से दी जाती है, जिससे किसानों बागवानों को इसे समझने में परेशानी न हो। अभी गेंदे की खेती को लेकर वीडियो तैयार की जा रही है। प्रशिक्षण में जहां हर बार कुछ ही किसानों को प्रशिक्षण दे पाते थे, लेकिन फेसबुक पेज और यू ट्यूब पर वीडियो शेयर होने से लोग इसे कभी भी व कोई भी देखकर लाभ उठा सकते हैं। यही नहीं लोग अपने सवाल भी इसी मंच पर पूछकर इसके जवाब पा सकते हैं।
इस विषय में भी दी जा रही जानकारियां
नौणी विवि में वैज्ञानिकों ने किसानों और बागवानों के लिए किवी की तुड़ाई का सही समय, अदरक के स्वस्थ कंदों का उत्पादन, पेस्टीसाइड का सेफ यूज, टमाटर, शिमला मिर्च, बीन, घीया, खीरा, मेडिसिनल प्लांट की खेती, हरड़ की खेती से संबंधित ज्ञानवर्धक वीडियो तैयार किए हैं।
नौणी विवि के वीसी डॉ. परविंदर कौशल ने बताया कि कोविड-19 के दौरान किसानों और बागवानों के साथ विवि का संपर्क नहीं हो पा रहा था। विवि के प्रशिक्षण कार्यक्रम भी लॉकडाउन के कारण बंद थे। ऐसे में विवि के विस्तार शिक्षा निदेशालय ने किसानों और बागवानों से संपर्क के लिए यह तरीका निकाला।