हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के बद्दी के वार्ड एक की रहने वाली सोनाली ठाकुर ने कुश्ती के फाइनल में प्रवेश कर लिया है। दिल्ली में चल रही 60वीं नेशनल स्कूल गेम्स के कुश्ती के 55 किलो वर्ग में सोनाली ने सेमीफाइनल में यूपी की पहलवानों को पटखनी दी। अब उनका मुकाबला हरियाणा के पहलवान से होगा। सोनाली ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल बद्दी से जमा दो की परीक्षा पास की है।
इसी स्कूल से सोनाली अपने वर्ग में राज्य की विजेता रही हैं। जिसके आधार पर उसका चयन दिल्ली में होने वाली राष्ट्रीय स्कूली प्रतियोगिता के लिए हुआ। बद्दी स्कूल की शारीरिक प्रवक्ता ममता ठाकुर ने बताया कि सोनाली चार बार नेशनल स्तर पर खेल चुकी हैं। पिछले वर्ष सोनाली ने अपने वर्ग में कांस्य पदक जीता था। इसके अलावा खेलो इंडिया में भी सोनाली ने अच्छा प्रदर्शन किया।
सोनाली ने सेमीफाइनल में यूपी की पहलवान को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। सोनाली बद्दी के बागवानियां स्थित सतबीर आखाड़े में कोचिंग लेती हैं। वर्तमान में वह रोहतक भी कोचिंग ले रही हैं। सोनाली के मेडल पक्का करने पर पिता प्रवेश ठाकुर, बेअंत ठाकुर, महेंद्र मेहता, हरनेक ठाकुर, कृष्ण कुमार कौशल, दीपू पंडित, नप उपाध्यक्ष मान सिंह मेहता, रमन कौशल ने खुशी जाहिर की है।
जम्मू-कश्मीर को हराकर कबड्डी के सेमीफाइनल में हिमाचल की बेटियां
दिल्ली में चल रही 60वीं राष्ट्रीय स्कूली गेम्स प्रतियोगिता के कबड्डी वर्ग में हिमाचल की महिला टीम ने सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। हिमाचल ने क्वार्टर फाइनल में जम्मू-कश्मीर को एकतरफा मैच में पराजित किया। अब सेमीफाइनल में हिमाचल का मुकाबला हरियाणा से होगा। टीम को कोच ममता ठाकुर ने बताया कि जम्मू-कश्मीर के साथ हुए क्वार्टर फाइनल मैच एकतरफा रहा। हिमाचल की बेटियां पूरे मैच में हावी रहीं। हिमाचल ने जम्मू-कश्मीर को 50-05 से पराजित किया। हिमाचल की कप्तान तनवी लूकटा, साक्षी, नितिका चौहान और अंशुल चंदेल ने खेल से दर्शकों की वाहवाही लूटी। तनवी लूकटा के नेतृत्व में हिमाचल की टीम में साक्षी, जसप्रीत, रिधम, शिवानी ठाकुर, शगुन, अंशुल चंदेल, विजय लक्ष्मी, श्रूति, निशा, निकता चौहान और निकता शामिल हैं। टीम की सात खिलाड़ी नालागढ़ के राजपुरा हॉस्टल हास्टल से हैं। इसके अलावा विजय लक्ष्मी पंडोह, श्रूति ठियोग, निशा सिरमौर के पांवटा साहिब, निकिता चौहान कांगड़ा और कुल्लू से निकिता भी टीम की सदस्य हैं।