राष्ट्रीय खेलकूद प्रतियोगिता में शुक्रवार को हिमाचल ने दमदार प्रदर्शन किया है। महिला टीम कबड्डी के फाइनल में पहुंच गई है। जबकि, पहलवान रानी ने हिमाचल की झोली में चांदी डाली है।
गुजरात के अहमदाबाद में चल रही 36वीं राष्ट्रीय खेलकूद प्रतियोगिता में शुक्रवार को हिमाचल ने दमदार प्रदर्शन किया है। महिला टीम कबड्डी के फाइनल में पहुंच गई है। जबकि, पहलवान रानी ने हिमाचल की झोली में चांदी डाली है।
विज्ञापन
कबड्डी प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में हिमाचल की बेटियों ने संघर्षपूर्ण मुकाबले में हरियाणा को एक अंक से पराजित कर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। हिमाचल की सिरमौर की रहने वाले साक्षी, बिलासपुर की निधि और पुष्पा राणा के बेहतर खेल के चलते टीम ने मेडल पक्का कर लिया है। हिमाचल ने यह मैच 28-27 के अंतर से जीता। फाइनल में हिमाचल का मुकाबला महाराष्ट्र से होगा।
टीम के कोच मेहरचंद वर्मा और संजीव ठाकुर ने बताया कि इससे पहले हिमाचल की टीम ने बिहार और गुजरात को पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया था। इधर, हिमाचल की रानी ने कुश्ती के 76 किलोग्राम वर्ग में रजत प्राप्त किया है। रानी का फाइनल में मुकाबला दिल्ली की अर्जुन अवार्डी पहलवान दिव्या कांकरान से हुआ। रानी हिमाचल प्रदेश पुलिस में सेवाएं दे रही हैं। रानी सिरमौर की रहने वाली हैं। इसके अलावा शुक्रवार को प्रदेश के पुरुष पहलवानों ने 57 किलोग्राम और 97 किलोग्राम के मुकाबलों में भाग लिया। दोनों पहलवानों को सेमीफाइनल में हार का सामना करना पड़ा। हिमाचल कुश्ती संघ के महासचिव और परशुराम अवार्डी जगदीश कुमार ने बताया कि रानी ने प्रदेश की नाम चमकाया है।