सांसद एवं बीसीसीआई महासचिव अनुराग ठाकुर ने कहा कि पाकिस्तान और भारत दोनों देशों के बीच सचिव स्तर पर बातचीत होनी चाहिए। वह इसके पक्षधर हैं। जब तक सीमा पर पाकिस्तान की ओर से गोलीबारी बंद नहीं हो जाती, तब तक पाक टीम को भारत नहीं बुलाया जाएगा।
अनुराग ने कहा कि पाकिस्तान लगातार सीज फायर का उल्लंघन कर रहा है। ऐसे
में पाकिस्तान की टीम को इंडिया नहीं बुलाया जा सकता। उन्होंने कहा कि
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के कहने पर दिल्ली में कांग्रेस नेता ने
प्रेसवार्ता करके उन पर धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम को लेकर घोटाले के आरोप
लगाए। उन्होंने डेढ़ सौ करोड़ रुपये तक के घोटाले का जिक्र किया, जबकि
स्टेडियम में 50 करोड़ रुपये खर्च आया है।
हिमाचल में खोली जाएगी क्रिकेट अकादमी
अनुराग ने कहा कि बीसीसीआई हिमाचल में राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी खोलना चाहती है। इसके
लिए धर्मशाला को प्राथमिकता दी जाएगी। चूंकि, वहां पहले से आधारभूत ढांचा
तैयार है। इस महत्वपूर्ण योजना को सिरे चढ़ाने के लिए वह मुख्यमंत्री
वीरभद्र सिंह को जमीन उपलब्ध कराने के लिए पत्र लिखेंगे। इसकी प्रक्रिया 17
अगस्त से शुरू कर दी जाएगी। नेशनल क्रिकेट अकादमी बनने से हिमाचल में बड़े
स्तर के खिलाड़ी आएंगे। यहां क्रिकेटरों को प्रशिक्षण मिलेगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि सोनिया गांधी देश से खेलों का नाम निशान मिटाना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि एचपीसीए को कंपनी से सोसाइटी बनाने के लिए मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह शपथपत्र दें। इसके बाद इस पर विचार किया जाएगा। उन्होंने इंडिया टीम के खिलाड़ी एस श्रीसंत पर बीसीसीआई की ओर से की गई अनुशासनात्मक कार्रवाई के फैसले का स्वागत किया।
सीएम बोलते तो हैं, पर करते कुछ नहीं- अनुराग ठाकुर ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा था कि वह हिमाचल में धर्मशाला से बड़ा स्टेडियम बनाएंगे, लेकिन आज तक उन्होंने स्टेडियम नहीं बनाया। कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने धर्मशाला स्टेडियम और क्रिकेट अकादमी में ताले जड़ दिए, लेकिन धर्मशाला में फिर भी मैच कराया गया।
सीएम, उनके परिवार से जान का खतरा : अनुराग
भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने मुख्यमंत्री और उनके परिवार से जान का खतरा बताया है। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह और उनके बेटे ने हिमाचल में गुंडागर्दी का माहौल बनाया हुआ है। शिमला से ऊना तक आतंक का माहौल है। मुख्यमंत्री हमेशा उन्हें पीटने की धमकी देते हैं। मुख्यमंत्री का परिवार उन्हें मार भी सकता है और मरवा भी सकता है।
अनुराग ने यह आरोप रविवार को मीडिया के सामने लगाए। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने संसदीय क्षेत्रों में एक से बढ़कर एक काम किया लेकिन वीरभद्र सिंह ने अड़ंगा डालने की कोशिश की। उनकी ओर से किए जाने वाले हर विकास कार्यों को करने में बाधा पहुंचाई।
विकास में रोड़ा बने हैं मां-बेटा- अनुराग ने कहा कि देश के विकास में मां और बेटा रोड़ा बने हुए हैं। संसद में इस बार महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होनी थी लेकिन 44 सांसदों के अड़ियल रवैये से यह नहीं हो पाया है।
आज बिलासपुर के दौरे पर आएंगे अनुराग- हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद और बीसीसीआई के सचिव अनुराग ठाकुर 17 अगस्त को घुमारवीं और सदर विधानसभा क्षेत्रों का दौरा करेंगे। भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी सोनल शर्मा ने बताया कि सुबह 10:30 बजे वह पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस भराड़ी में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे।
दोपहर 1:30 बजे फोरेस्ट रेस्ट हाउस निहारी और इसके बाद चार बजे पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस घुमारवीं में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। उन्होंने बताया कि शाम को साढ़े छह बजे अनुराग ठाकुर लुहणू क्रिकेट मैदान में आयोजित वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में उपस्थित होंगे।
अनुराग कल भोरंज के दौरे पर- भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद अनुराग ठाकुर 18 अगस्त को भोरंज के बारिश से प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेंगे। सह मीडिया प्रभारी बलवंत सिंह ने बताया कि इस दौरान सांसद भोरंज में कार्यकर्ताओं को संबोधित भी करेंगे।
अनुराग मंगलवार सुबह 10:30 बजे ग्राम पंचायत चंबोह में पीड़ितों की समस्याएं सुनेंगे। उसके बाद कार्यकर्ताओं से बैठक करेंगे। इसके बाद क्षेत्र के धिम्मी गांव में दोपहर 12:30 बजे सामुदायिक भवन का उद्घाटन करेंगे। शाम 3 बजे ग्राम पंचायत खरवाड़ के जख्योल गांव में कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।
धर्मपुर क्षेत्र की अनदेखी कर रही कांग्रेस सरकार
सांसद अनुराग ठाकुर ने शनिवार को धर्मपुर के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने धर्मपुर क्षेत्र की अनदेखी करने और प्रभावितों को उचित मदद न देने पर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आज भी सीएम वीरभद्र सिंह रजवाड़ाशाही पर उतारू हैं। विपक्ष को धमकियां दी जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि धर्मपुर विस क्षेत्र के कई गांव जमीन धंसने के कारण खतरे में हैं तथा क्षेत्र में करोड़ों रुपये का नुकसान हो चुका है, लेकिन मंडी जिले के मंत्री और प्रदेश के मुख्यमंत्री धर्मपुर में लोगों का दुख दर्द बांटने के लिए नहीं पहुंच पाए हैं। उन्होंने कहा कि लौंगणी पंचायत का स्याठी गांव जमीन धंसने से खतरे में है और लोगों ने मंदिर में शरण ले रखी है, लेकिन प्रदेश सरकार व प्रशासन ने यहां राहत कैंप नहीं लगाया है।
केंद्र सरकार प्रदेश सरकार की रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। इसके बाद दोबारा केंद्र सरकार के समक्ष धर्मपुर त्रासदी का मुद्दा उठाया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार धर्मपुर क्षेत्र के साथ अनदेखी कर रही है। क्षेत्र के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है, इसलिए यहां राहत कार्यों में तेजी नहीं लाई गई।
सांसद ने तनेहड़ पंचायत के सक्रैणधार का भी दौरा किया। सक्रैणधार में मकान में दबने से तीन लोगों की मौत हुई है। सांसद ने आश्वासन दिया कि सांसद निधि से रुपये खर्च कर क्षेत्र को उभारने का प्रयास किया जाएगा। इस मौके पर उनके साथ स्थानीय विधायक महेंद्र सिंह ठाकुर भी मौजूद थे।