सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के लिए ट्रायल लिया
- फोटो : अमर उजाला
साई हॉस्टल धर्मशाला में नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस शुरू हो गया है। नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के लिए चुने जाने वाले एक खिलाड़ी पर सालाना करीब पांच लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। खिलाड़ी की एक दिन की डाइट पर 250 के बजाय अब 375 रुपये होगी। पहली बार खिलाड़ी को सेंटर में ही फिजियोथैरेपिस्ट की सुविधा दी जाएगी। इसके अलावा वाले खिलाड़ी के लिए डाइटिशियन की तैनाती भी की जाएगी।
खिलाड़ी की शिक्षा पर सालाना 1000 के बजाय अब 10000 रुपये खर्च होंगे। सेंटर में इंटरनेशनल स्तर के कोच होंगे। खिलाड़ियों को वातानुकूलित हॉस्टल की सुविधा के साथ ही संतुलित आहार, अंतरराष्ट्रीय स्तर का प्रशिक्षण, मेडिकल बीमा, खेल किट सालाना और प्रतियोगिता के लिए जाने पर खर्च सहित अन्य सुविधा मिलेगी। साई धर्मशाला की प्रभारी निर्मल कौर ने बताया कि अब धर्मशाला में अंतरराष्ट्रीय स्तर की ट्रेनिंग खिलाड़ियों को मिलेगी।
विशेष कोच डॉ. सुभाशीष ने लिया ट्रायल
मंगलवार को साई धर्मशाला में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के लिए एथलेटिक्स की 20 सीटों के लिए ट्रायल लिया गया। इसमें 15 से 25 वर्ष की उम्र की महिला खिलाड़ियों ने भाग लिया। पटियाला से आए कोच डॉ. सुभाशीष भट्टाचार्य ने बताया कि चयनित खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की ट्रेनिंग दी जाएगी। सेंटर में इंटरनेशनल स्तर के कोच तैनात होंगे।