भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी मंगलवार को हिमाचल में गरजेंगे। वह एक साथ तीन चुनावी रैलियां तीनों लोकसभा क्षेत्रों पर करेंगे। ये जनसभाएं पालमपुर, मंडी और सोलन में होंगी।
सबसे पहली रैली सुबह 9:30 बजे पालमपुर में होगी। दूसरी सभा 11 बजे मंडी तथा तीसरी जनसभा 12 बजे सोलन में होगी। मोदी इससे पहले हमीरपुर के सुजानपुर में रैली कर चुके हैं।
29 अप्रैल के दौरे के दौरान भाजपा अध्यक्ष सतपाल सत्ती नरेंद्र मोदी के साथ तीनों रैलियों में रहेंगे। मंडी और सोलन में रैली के लिए ट्रैफिक प्लान भी बदला गया है। संबंधित जिलों की पुलिस ने 300-500 पुलिस जवान सुरक्षा इंतजामों में लगाए हैं।
17 विधानसभा क्षेत्रों से कार्यकर्ता बुलाए गए
भाजपा प्रवक्ता गणेश दत्त ने कहा कि नरेंद्र मोदी का हिमाचल से विशेष लगाव रहा है। वह हिमाचल की हर समस्या से वाकिफ हैं। जब वह 7 साल तक हिमाचल में पार्टी के प्रभारी थे, तो उन्होंने प्रदेश का चप्पा-चप्पा घूमा है।
हर जनसभा में संसदीय क्षेत्र के सभी 17 विधानसभा क्षेत्रों से कार्यकर्ता बुलाए गए हैं। पालमपुर के शहीद बतरा ग्राउंड, मंडी के पड्डल और सोलन के ठोडो ग्राउंड में रैलियां होंगी।
हिमाचल भाजपा को उम्मीद है कि नरेंद्र मोदी का ये दौरा मोदी लहर को भुनाने के लिए बेहतर अवसर होगा। राहुल-प्रियंका और जम्मू कश्मीर के अब्दुल्ला परिवार पर हमले कर रहे मोदी हिमाचल में क्या नया खुलासा करेंगे? इस पर तरह तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। सुजानपुर रैली में उन्होंने हिमाचल की हर दुखती रग को छुआ था।
वास्तु के हिसाब से बनाया मंच
नरेंद्र मोदी की रैली को लेकर पूरा पालमपुर भगवा रंग में रंग गया है। मोदी के भाषण को लेकर बनाया गया मंच आधुनिक होने के अलावा वास्तुशास्त्र के हिसाब से बनाया गया है। भाजपा प्रत्याशी शांता कुमार ने स्वयं तैयारियों का जायजा लिया।
जिला भाजपा अध्यक्ष एवं वास्तुकार विनय शर्मा ने मंच को डिजाइन करवाया है।
शहीद विक्रम बतरा मैदान में बने मंच को उत्तर-पूर्व की दिशा में बनाया गया है। जबकि हर बार जब भी यहां कार्यक्रम होता है तो भाषण होली कला मंच से ही दिया जाता था। लालकृष्ण आडवानी ने भी होली कला से मंच से ही जनसभा को संबोधित किया था।
इस बार वास्तु के हिसाब से इसमें बदलाव किया गया है। मोदी मंच पर करीब आधा घंटा भाषण देंगे। मंच पर हर चीज एनएसजी व गुजरात पुलिस की देखरेख में लगी है।