लोकसभा चुनाव के लिए मंडी संसदीय सीट से लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, शिमला से विधायक विनोद सुल्तानपुरी, हमीरपुर से पूर्व विधायक सतपाल रायजादा और कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र से विवेक शर्मा को पार्टी प्रत्याशी बनाया जाना लगभग तय है। कांगड़ा संसदीय क्षेत्र के अलावा धर्मशाला, गगरेट, सुजानपुर, बड़सर और लाहौल-स्पीति में होने वाले विधानसभा उपचुनाव के लिए दो-दो संभावित प्रत्याशियों के नाम पैनल में शामिल हैं।
धर्मशाला विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए देवेंद्र जग्गी और राकेश चौधरी, गगरेट से रमन जस्वाल और राकेश कालिया, सुजानपुर से सुरेंद्र डोगरा और कुलदीप पठानिया, लाहौल-स्पीति से अनुराधा राणा और पूर्व विधायक रघुवीर सिंह व बड़सर से कृष्ण चौधरी और पूर्व विधायक मनजीत डोगरा का नाम पैनल में है।
सुजानपुर और लाहौल-स्पीति से भाजपा के नेताओं को भी टिकट दिया जा सकता है। इसे लेकर शनिवार को होने वाली बैठक में मंथन होगा। सुजानपुर से भाजपा के पूर्व प्रत्याशी कैप्टन रणजीत सिंह और लाहौल-स्पीति से पूर्व मंत्री रामलाल मारकंडा को लेकर कांग्रेस अभी कशमकश में है।