नालागढ़ की दभोटा पंचायत के रामपुर गांव के एक युवक को बड़ा बसोट गांव के एक युवक ने पहले अगवा किया, फिर पंजाब के बूंगा साहिब में ले जाकर गाड़ी समेत युवक को नहर में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं गाड़ी को नहर से निकाल लिया है। आरोपी के खिलाफ पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार शनिवार शाम करीब 6:30 बजे बड़ा बसोट का लाडी (27) रामपुर के जतिन (18) पुत्र हेमराज को अपनी गाड़ी में बैठाकर पंजाब की ओर ले गया। जब हेमराज को इसकी भनक लगी तो उसने दभोटा पुलिस में बेटे को अगवा करने की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने साइबर सेल की सहायता से दोनों की लोकेशन हिमाचल प्रदेश और पंजाब की सीमा पर बूंगा साहिब के समीप पाई। इस बीच कुछ लोगों ने गाड़ी का पीछा किया।
देर शाम पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। मौके पर पाया कि गाड़ी नहर में गिरी। गाड़ी गिरने के बाद लाडी तो बाहर निकल गया, लेकिन जतिन पानी में डूब गया। पुलिस को देखते ही लाड़ी मौके से भाग गया। जिस पर पुलिस ने उसे देर रात पंजाब के किरतपुर से गिरफ्तार कर लिया।
उधर, नालागढ़ के डीएसपी मानवेंद्र ठाकुर नेे बताया की हेमराज ने शिकायत दी थी कि उनके बेटे जतिन को लाडी नाम का लड़का अपनी गाड़ी में बैठा कर पंजाब की ओर ले गया है। इस पर पुलिस युवक के फोन की लोकेशन के आधार पर पंजाब पहुंची तो गाड़ी नहर में पाई गई है। लाडी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दूसरे युवक की नहर में तलाश की जा रही है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।