चीनी की आपूर्ति पर अभी संशय बरकरार, दाल मलका भी नहीं मिलेगी
विज्ञापन
एपीएल को सरसों तेल 160 रुपये प्रति लीटर मिलेगा
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। राजधानी के सस्ते राशन के डिपुओं में दो माह बाद इस महीने सरसों तेल की आपूर्ति होगी। चीनी की आपूर्ति भी दो महीनों से बाधित है और इस माह भी इस पर संशय है कि चीनी मिलेगी या नहीं। उपभोक्ताओं को इस महीने दाल मलका भी नहीं मिल सकेगी है।
शहर में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत संचालित राशन डिपो में हजारों लोगों को सस्ता राशन उपलब्ध करवाया जाता है। डिपुओं में दो महीनों तक तेल की आपूर्ति बाधित रही है लेकिन इस महीने लोगों को तेल उपलब्ध होगा। हालांकि रिफाइंड की आपूर्ति नहीं हो पाई है। इस महीने उपभोक्ताओं को चावल और आटा सहित उड़द और चना दाल मिलेगी।
विज्ञापन
कोटा खत्म होने से पहले बीपीएल (गरीबी रेखा से नीचे) और अंत्योदय अन्न योजना के तहत आने वाले कार्डधारकों को कुछ समय तक निर्धारित मात्रा में चीनी उपलब्ध करवाई थी लेकिन अब डिपुओं में चीनी का कोटा खत्म हो गया है। इस माह चीनी के सैंपल टेस्टिंग के लिए भेजे हैं, टेंडर होने के बाद गोदामों से डिपो संचालकों को चीनी की सप्लाई दी जाएगी।
डिपुओं में एपीएल उपभोक्ताओं को सरसों तेल 160 रुपये प्रति लीटर, आयकर भरने वाले उपभोक्ताओं को 167 रुपये प्रति लीटर मिलेगा। उड़द दाल 94 रुपये और आयकर भरने वाले उपभोक्ताओं को 114 रुपये प्रति किलोग्राम दर पर मिलती है। चना दाल एपीएल को 66 रुपये और आयकर भरने वाले उपभोक्ताओं को 85 रुपये प्रति किलोग्राम के अनुसार मिलेगी। इसके अतिरिक्त लोगों को डिपो में आटा और चावल भी मिलेगा।
जिला नियंत्रक खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले नरेंद्र धीमान ने कहा कि जिले के डिपुओं में उपभोक्ताओं को सरसों का तेल वितरित किया जाएगा। इस बार डिपो में एक महीने का कोटा भेजा जा रहा है। चीनी की आपूर्ति इस महीने के अंत या अगले महीने से बहाल करने का प्रयास होगा।