धर्मशाला और पच्छाद में विधानसभा उपचुनाव के लिए कांग्रेस टिकट के लिए चार नेताओं ने आवेदन किया है। इनमें धर्मशाला से तीन नेता मनोज, शुभकरण एवं पुनीष पाधा, जबकि पच्छाद से पूर्व विधायक गंगूराम मुसाफिर शामिल हैं।
उधर, ब्लॉक कांग्रेस धर्मशाला ने बैठक में सर्वसहमति से प्रस्ताव पारित कर हाईकमान से पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा को टिकट देने की पैरवी की है। भाजपा प्रदेश चुनाव समिति की बैठक मंगलवार को होगी, जिसमें प्रत्याशियों के पैनल तय किए जा सकते हैं।
प्रदेश कांग्रेस सचिव हरिकृष्ण हिमराल ने बताया कि उप चुनाव को सोमवार को कांग्रेस टिकट के लिए चार नेताओं ने आवेदन किया है। धर्मशाला विस क्षेत्र से तीन आवेदनों में दो डाक से और एक ने राजीव भवन शिमला आकर किया है। पहला आवेदन गद्दी नेता मनोज कुमार ने किया है।
साल 2012 में विधानसभा चुनाव के लिए मनोज को टिकट मिल गया था लेकिन अंतिम क्षणों में उनका पत्ता काट सुधीर शर्मा को उतार दिया था और वे मंत्री बने थे। मंगलवार तक कांग्रेस आवेदन की अंतिम तिथि है। 25 सितंबर को आवेदनों की छंटनी करके नामों का पैनल हाईकमान को भेजा जाएगा।
वहीं, भारत निर्वाचन आयोग ने सोमवार को हिमाचल की धर्मशाला और पच्छाद विधानसभा सीट पर उपचुनाव की अधिसूचना जारी कर दी। अधिसूचना के साथ ही दोनों विधानसभा क्षेत्रों से नामांकन शुरू हो गए हैं।
यह प्रक्रिया 30 सितंबर तक जारी रहेगी। एक अक्तूबर को नामांकनों की छंटनी और तीन तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। दोनों हलकों में 21 अक्तूबर को मतदान होगा और दो दिन बाद 24 को नतीजे घोषित होंगे।