संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। नगर निगम की ओर से उपायुक्त कार्यालय में खोला गया सुविधा केंद्र बंद हो गया है। इस केंद्र के बंद होने के बाद लोगों को टैक्स के बिल जमा करवाने के लिए रिज मैदान स्थित पद्मदेव स्थित कांप्लेक्स के चक्कर काटने पड़ रहे हैं।
उपायुक्त कार्यालय में नगर निगम की ओर से यह सुविधा केंद्र बुजुर्गों के लिए खोला है। इस केंद्र के काउंटरों पर आकर बुजुर्ग चंद मिनटों में टैक्स और गारबेज के बिल जमा करवा देते थे। इससे न केवल बुजुर्गों को लंबी लाइनों में खड़े होने से छुटकारा मिलता था, बल्कि एक ही जगह पर तमाम सुविधा मिलने पर बुजुर्ग लोगों को काफी राहत मिलती थी। हालांकि दूसरी ओर नगर निगम का कहना है कि यहां पर पानी की समस्या आने के बाद इसकी मरम्मत कार्य चल रहा है। ऐसे में कुछ समय के लिए इसे बंद किया है। इसे जल्द ही खोल दिया जाएगा। हालांकि गारबेज के बिल लोगों के उपायुक्त कार्यालय स्थित सैहब सोसायटी दफ्तर में जमा किए जा रहे हैं। जनसुविधा केंद्र में जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र शुल्क, कूड़े का शुल्क, टैक्स व नक्शे की फीस आदि जमा करवाने की सुविधा यहां पर उपलब्ध करवाई गई है।