18 फरवरी तक नगर निगम के पास करना होगा आवेदन संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। नगर निगम सांगटी के हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के ब्लॉक नंबर 12 के सामने चार वाहनों की पार्किंग सुविधा लोगों को उपलब्ध करवाने जा रहा है। इसको लेकर नगर निगम ने स्थानीय निवासियों से आवेदन मांगे हैं।
निगम के अनुसार यह पार्किंग सुविधा पहले आओ पहले पाओ के आधार पर दी जाएगी। इसको लेकर 18 फरवरी तक सभी दस्तावेज नगर निगम के पास जमा करवाने होंगे। नगर निगम के संयुक्त आयुक्त डॉ. भुवन शर्मा ने यह जानकारी दी है।
नगर निगम इस पार्किंग स्थल का आवंटन एक वर्ष के लिए करने जा रहा है। नगर निगम का दावा है कि पार्किंग स्थल लेने वाले व्यक्ति को 15,000 रुपये (माल एवं सेवा कर सहित) सालाना चुकाने होंगे। हालांकि इन पार्किंग को लेने वाले आवेदनकर्ताओं की संख्या निर्धारित चार स्थानों से अधिक होगी तो आवंटन प्रक्रिया ड्रा ऑफ लॉट्स के जरिये होगी। निगम का कहना है कि आवेदन करने वाले व्यक्ति को वाहन पंजीकरण के प्रमाण पत्र की काॅपी और स्थानीय पते का प्रमाण देना जरूरी होगा। सभी दस्तावेज संयुक्त आयुक्त नगर निगम शिमला के नाम से लोगों को देने होंगे। दूसरी ओर नगर निगम ने दो टूक कहा है कि अधूरे दस्तावेजों और निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त होने वाले आवेदन किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किए जाएंगे। शहर के विभिन्न इलाकों में ऐसी खाली पार्किंग हैं, जिन्हें नगर निगम आने वाले दिनों में इसी प्रक्रिया के तहत लोगों को आवंटित करेगा।