नगर निगम शहर के लोगों को बड़ा झटका दिया है। अब पानी का बिल चुकाने के लिए आपको ज्यादा जेब ढीली करनी होगी। नगर निगम शहर के लोगों को 10 फीसदी बढ़ोतरी के साथ पानी के मासिक बिल जारी करने जा रहा है। नगर निगम ने मार्च माह के बाद पानी के बिल जारी नहीं किए हैं, इसलिए अब नगर निगम रिवाइज रेट पर 10 फीसदी बढ़ोतरी के साथ बिल जारी करने की तैयारी कर रहा है।
अब तक घरेलू उपभोक्ताओं को पानी का मासिक बिल 325 रुपये देना पड़ता था जो अब 32 रुपये बढ़ कर 357 रुपये हो जाएगा। अप्रैल से जुलाई माह तक चार महीनों के पानी के बिल मासिक 10 फीसदी बढ़ोतरी के साथ जारी किए जाएंगे। इसी महीने वार्ड वाइज पानी के बिल जनरेट करने का काम शुरू हो जाएगा। पानी के बिलो में 10 फीसदी बढ़ोतरी के साथ 30 फीसदी सीवरेज सेस भी वसूला जाएगा।
घरेलू और व्यावसायिक दोनों उपभोक्ताओं पर पानी की दरों में बढ़ोतरी का बोझ पड़ेगा। राजधानी शिमला में पानी के करीब 30 हजार घरेलू और व्यवसायिक कनेक्शन हैं। अधिकतर व्यवसायिक कनेक्शनों में मीटर लगे हैं, इन्हें मीटर रिडिंग के आधार पर ही बिल जारी किए जाएंगे। निगम आयुक्त पंकज राय ने बताया कि प्रति वर्ष पानी की दरों में दस फीसदी वृद्धि होती है उसी आधार पर इस माह नगर निगम बिल जारी कर रहा है।
यहां समझिये, घरेलू उपभोक्ताओं पर कैसे पड़ेगा बोझ
मासिक फ्लैट रेट 250
10 फीसदी बढ़ोतरी 25 रुपये
30 फीसदी सीवरेज सेस 82 रुपये
कुल बढ़ोतरी 250+25+82= 357 रुपये मासिक
चार महीने का बिल 1428 रुपये