मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हेल्पलाइन
- फोटो : फाइल फोटो
बीते सितंबर माह में शुरू हुई मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हेल्पलाइन का नौसिखियापन कई विभागों के लिए परेशानी बन गया है। मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हेल्पलाइन पर शिकायतें आने के बाद निवारण के लिए यह गलत विभागों को ट्रांसफर कर दी जा रही हैं। नौसिखियापन सबसे ज्यादा विजिलेंस पर भारी पड़ रहा है। विजिलेंस विभाग नार्थ जोन कांगड़ा के पास ही अब तक 20 से ज्यादा ऐसी शिकायतें पहुंच चुकी हैं, जिसमें बीपीएल चयन से संबंधित गड़बड़ियों की जांच करने को कहा गया है।
मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हेल्पलाइन के 1100 टोल फ्री नंबर पर फ्राड और गड़बड़ी से संबंधित मिल रहीं अधिकतर शिकायतों को सीधे विजिलेंस विभाग को फारवर्ड किया जा रहा है। इनमें से कई ऐसी शिकायतें है, जिनका हल करने के लिए हर विभाग में अपना-अपना अलग विंग बना हुआ है।
इस हेल्पलाइन नंबर पर अब तक दर्ज हुई शिकायतों में अधिकतर बीपीएल चयन और पंचायतों में किए गए विकास कार्यों में गड़बड़ी से संबंधित हैं। धर्मशाला विजिलेंस के डीएसपी बलबीर जस्वाल ने बताया कि मुख्यमंत्री संकल्प सेवा हेल्पलाइन की ओर से कई शिकायतें विजिलेंस विभाग को फारवर्ड की जा रही हैं। बीपीएल चयन से संबंधित शिकायतों को विजिलेंस विभाग को बाद में संबंधित विभाग को फारवर्ड करना पड़ रहा है।