भाजपा के हिमाचल की जमीनें बेचने के इरादे साफ हो गए हैं। धारा 118 को छेड़छाड़ कर ऐसा किया जाएगा, लेकिन हिमाचल को बेचने नहीं दिया जाएगा। बजट भाषण में लोगों को शराब पिलाने की बातें की गई हैं। 1600 करोड़ की शराब बेची जाएगी।
ये महिलाओं, युवाओं के हित की बात कहां है। जो आर्थिक रोडमैप तैयार किया जाना था, उसमें चूक हुई है। वोल्वो बसें बाहर के लोग खरीद रहे हैं, क्या यह सहमति से हो रहा है। यह न हो कि एचआरटीसी घाटे में चली रहे।
मुकेश ने जंजैहली विवाद पर भी मुख्यमंत्री पर तंज कसा - वहां स्थितियां ठीक नहीं हैं। सीएम खेत संरक्षण योजना कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में चलाई गई। पॉलीशीट, एंटी हेलगन, बागवानी विकास परियोजना, बेटी है अनमोल, मदर टेरेसा योजना आदि कांग्रेस सरकार के समय की हैं।
वीरभद्र सरकार ने गोवंश कल्याण बोर्ड खोला, जयराम सरकार इसे गोवंश आयोग में बदल रही है। बिजली उपभोक्ताओं को सब्सिडी पहले ही दी जाती रही है। पर्यटन को महज 50 करोड़ दिए जा रहे हैं। 18 से 35 साल के युवाओं के लिए दुकान खोलने की बातें की जा रही हैं?
मुकेश ने शिक्षकों की ट्रांसफर पॉलिसी पर सरकार को चेताया। कहा कि हिमाचल में एक लाख शिक्षक हैं। ढाई सौ यूनियनें हैं। उनसे परामर्श किया जाए, वरना यह बहुत खतरनाक हो जाएगा। स्थानांतरण नीति को शिक्षकों से पूछे बगैर लागू नहीं करने दिया जाएगा।
अग्निहोत्री ने सीएम की ओर इशारा कर कहा - पांच वर्ष बाद जब आप इस कुर्सी पर बैठे होंगे तो 500 फीसदी कर्ज ले चुके होंगे। आप 75000 करोड़ तक पहुंच चुके होंगे।
ऐसा बजट में पेश आंकड़ों को देख कर बोल रहे हैं। सीएम साहब आप लगातार दिल्ली जा रहे हैं। रोज आपका खूबसूरत अदाओं में फोटो देखते हैं। क्या बेलआउट पैकेज लेकर आ रहे हैं? कहां हैं ये पैकेज?
मुकेश ने बजट पर चर्चा के भाषण की शुरुआत शेरो-शायरी से की। शे’र पढ़ा - शोहरत की बुलंदी भी इक पल का तमाशा है, जिस शाखा पर बैठे हो वो टूट भी सकती है। इस पर सीएम जयराम ने चुटकी ली - दिल को बहलाने का ये ख्याल अच्छा है।
अग्निहोत्री ने आगे कहा - सीएम जयराम ठाकुर ने पौने तीन घंटे तक भाषण दिया। ये नहीं भूलना चाहिए कि कांग्रेस की बदौलत ही हिमाचल बना। आप लोग तो उस वक्त स्टेट हुड को मारो ठुड्ड के नारे लगाते थे। अग्निहोत्री ने एक अन्य शे’र पढ़ा - तुम्हारे पांव के नीचे जमीन नहीं। कमाल है तुम्हें फिर भी यकीन नहीं।
अग्निहोत्री ने कहा कि गुड़िया प्रकरण की बात लगातार चलती रही। बजट भाषण में आठ लाइनों में लॉ एंड ऑर्डर की बातें रखी गईं। दो महीने के कार्यकाल में ही हिमाचल में 13 कत्ल किए गए। 50 बलात्कार किए गए। 60 छेड़छाड़ के केस दर्ज हुए। अब तक 3000 मामले दर्ज किए गए हैं।
कांग्रेस विधायक दल के नेता मुकेश अग्निहोत्री की ओर से जयराम सरकार के वित्तीय वर्ष 2018-19 के बजट अनुमानों पर सरकार को कटघरे में खड़ा करने के मामले में भी मंत्रियों ने सफाई दी।
उद्योग मंत्री विक्रम सिंह ने सरकारी संस्थानों को बंद करने के विधायक दल के नेता मुकेश अग्निहोत्री के आरोप पर सफाई दी कि दलाश पॉलीटेकनीक को आठ अक्तूबर 2017 को खोलने की बात होती है तो 14 अक्तूबर को आचार संहिता लग जाती है।
इसे खोलने के लिए कोई जरूरी प्रावधान नहीं किए जाते। कांग्रेस सरकार ने कागजों में ही संस्थान खोले हैं। उन्होंने कहा कि इन्हें बंद नहीं किया जा रहा है। ऐसे शिक्षण संस्थानों को जमीन पर खोले जाने की जरूरत है।
अग्निहोत्री की ओर से वोल्वो खरीद पर उंगली उठाने के मामले में परिवहन मंत्री गोबिंद सिंह ठाकुर ने भी वोल्वो के खरीद मामले में भी पूर्व सरकार पर निशाने साधे। उन्होंने एचआरटीसी के प्रबंधन पर लगाए गए आरोपों पर भी सफाई दी।