उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री
- फोटो : अमर उजाला
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि सहकारिता विभाग को जन आंदोलन बनाया जाएगा। कमियों को दूर कर सहकारिता को प्रदेश का अव्वल विभाग बनाने के लिए दिन-रात मेहनत की जाएगी। उपमुख्यमंत्री अग्निहोत्री सोमवार को ऊना में विभिन्न सहकारी समितियों के पदाधिकारियों और सचिवों के साथ बैठक में बोल रहे थे। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जिले में मियां हीरा सिंह सहकारिता प्रबंधन एवं प्रशिक्षण केंद्र का निर्माण किया जाएगा, ताकि इस क्षेत्र में कार्यरत सचिव, कर्मचारी निपुण हो सकें।
सहकारिता विभाग के माध्यम से प्रदेश में क्रांतिकारी कदम उठा सकते हैं। उन्होंने कहा कि सहकारिता वित्त से जुड़ा हुआ मसला है, यहां धांधली और भ्रष्टाचार के लिए कोई जगह नहीं है। विभाग को भ्रष्टाचार मुक्त बनाना है। प्रदेश में करीब 5000 सोसायटी हैं, जिनमें करोड़ों रुपये का कारोबार होता है। इसमें किसी तरह की वित्तीय अनियमितता सहन नहीं की जाएगी।
मुकेश ने कहा कि सहकारिता क्षेत्र में कार्यरत सोसायटियों के पास कितना लैंड बैंक है, इसका विवरण तैयार किया जाना चाहिए, ताकि आने वाले समय में इस क्षेत्र में और बेहतर कार्य किया जा सके। सहकारिता के क्षेत्र में कार्यरत सभी लोगों के साथ विभाग को लेकर क्या-क्या परिवर्तन करना हैं, बैठक कर इसका रोडमैप तैयार किया जाएगा।
राजनीति से ऊपर उठकर करें काम
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि सहकारिता क्षेत्र में कांग्रेस, भाजपा या कोई अन्य विचारधारा का व्यक्ति काम कर रहा है। वह अपने काम को ईमानदारी से करें। राजनीति के बीच नहीं जाना है। हमें सहकारी संस्था को बेहतर करना है। राजनीति और दलगत राजनीति से ऊपर उठकर काम करना है। उन्होंने कहा कि जब हम सुधार करते हैं, तब हमें राजनीति बीच में नहीं लानी है। अच्छे विचार, अच्छे नीति के लिए कोई भी सहकारिता का व्यक्ति कभी भी उनसे मिल सकता है। अच्छे विचार को सहर्ष से लागू किया जाएगा।