फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एमटीबी हिमालय साइकिल रेस, खतरे और रोमांच के सफर का काउंटडाउन शुरू

Wed, 27 Sep 2017 06:06 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, शिमला
विज्ञापन
विज्ञापन
प्रदेश की सर्पीली सड़कों और पहाड़ियों से होकर गुजरने वाले खतरे और रोमांच का सफर 29 सितंबर से शुरू होगा। एमटीबी हिमालय साइकिल रेस शिमला से धर्मशाला तक जाएगी। सात अक्तूबर को साइकिल रेस का समापन धर्मशाला में होगा। दस दिन में 650 किलोमीटर का सफर तय किया जाएगा। साइकिल रेस में 16 देशों के 92 साइकिलिस्ट जलोड़ी दर्रे से होकर गुजरेंगे। 
विज्ञापन


हिमालयन एडवेंचर स्पोर्ट्स एंड टूरिज्म प्रोमोशन एसोसिएशन साइकिल रेस का आयोजन कर रही है। एसोसिएशन के अध्यक्ष मोहित सूद ने बताया है कि प्रदेश के चार जिलों शिमला, कुल्लू, मंडी और कांगड़ा से होकर साइकिल रेस गुजरेगी। कुल्लू में स्थित ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क की बाउंड्री के साथ से साइकिल रेस गुजरेगी।

पैराग्लाइडिंग का विश्व का दूसरा सबसे ऊंचा प्वाइंट बीड बिलिंग भी साइकिल रेस के रूट में शामिल है। प्रतिदिन 60 से 90 किलोमीटर का सफर तय किया जाएगा। रेस के दौरान 100 से अधिक सरकारी स्कूलों में साइकलिस्ट बच्चों को पर्यावरण, शिक्षा और साइकलिंग को लेकर जागरूक करेंगे। स्कूली बच्चों को नोटबुक भी दी जाएंगी। नशे के खिलाफ बच्चों को जागरूक किया जाएगा। रेस में 14 महिला प्रतिभागी भी भाग लेंगी। 
विज्ञापन

विजेता ‌को मिलेंगे एक लाख रुपये

मास्टर श्रेणी में शिमला के शोघी का 19 वर्षीय आकाश दूसरी बार रेस में शामिल होगा। ओपन मैन सोलो में पहले विजेता को एक लाख रुपये, दूसरे को 70 हजार रुपये और तीसरे स्थान पर रहने वाले साइकिलिस्ट को 50 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा।

महिला वर्ग में विजेता को 70 हजार, दूसरा स्थान प्राप्त करने वाले को 50 हजार और तीसरे नंबर पर रहने वाली महिला को 40 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा।

मास्टर सोलो वर्ग में पहला इनाम 70 हजार रुपये, टू टीम वर्ग के विजेता को 1.40 लाख रुपये दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि विश्व स्तरीय साइकलिस्ट कौरी वेलेस, थामस टरनर, पाओ जामोरा, कैथरीन और इडा भी रेस में भाग लेंगे।
विज्ञापन

साइकिल रेस का यह रहेगा रूट

राजधानी शिमला से 29 सितंबर को साइकिल रेस शुरू होगी। पहले दिन गडाकुफर तक सफर किया जाएगा। 30 को गडाकुफर से श्वाड तक, पहली अक्तूबर को श्वाड से गडागुसाईं तक, दो को रेस्ट डे रहेगा।

तीन को गडागुसाईं से बगशाड़ तक, चार को बगशाड़ से कमांद मंडी तक, पांच को कमांद मंडी से बरोट तक, छह को बरोट से पालमपुर तक और सात अक्तूबर को पालमपुर से धर्मशाला तक रेस होगी। रेस के विजेताओं को धर्मशाला में सम्मानित किया जाएगा।

आज राजधानी में करेंगे साइकलिंग को जागरूक
वीरवार को राजधानी शिमला में स्थानीय लोगों को साइकलिंग के प्रति जागरूक करने के लिए शाम साढ़े चार बजे से साढ़े सात बजे तक विशेष रैली निकाली जाएगी। 

इस रैली में सभी 92 प्रतिभागी शामिल होंगे। रैली रिज मैदान स्थित पद्मदेव कांप्लेक्स से शुरू होगी। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें