भगवान और अपने कर्म पर विश्वास रखने वाले भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं सांसद शांता कुमार ने कहा कि उन्हें एक बार ज्योतिषी ने कहा था कि तुम्हारी उम्र लंबी है और यह 72 साल होगी। शनिवार को अपना 82वां जन्मदिवस मनाने वाले शांता ने कहा कि ज्योतिषी की कही हुई बात उन्हें आज भी याद है।
अपने जन्मदिवस पर लोगों से विचार साझा करते हुए उन्होंने कहा कि साल 1964 या 65 में उनको दो दोस्त स्वराज बाली और सतपाल डोगरा पालमपुर में आए गढ़वाल (उत्तराखंड) के एक ज्योतिषी के पास ले गए थे। जब ज्योतिषी ने उनका हाथ देखा तो उसने कहा था कि तुम्हारी उम्र बड़ी लंबी है और यह 72 साल होगी।
लेकिन, उन्होंने यह बात अपने परिजनों से नहीं बताई। बकौल, शांता आज वह भगवान और लोगों की दुआ से 81 साल पूरा कर चुके हैं और 82वें में प्रवेश किया। अपने जन्मदिवस पर राजनीति से दूर रहे शांता ने इतना कहा कि वह अपने कर्म और भगवान पर भरोसा रखते हैं। राजनीति में पंच से लेकर मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री तक रहे। लेकिन, उन्होंने कभी किसी पद की लालसा नहीं रखी।
शांता को राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने फोन पर दी बधाई
भाजपा के वरिष्ठ नेता शांता कुमार ने अपना जन्मदिवस यामिनी परिसर पालमपुर में सादे तरीके से मनाया। शनिवार सुबह पहले करीब साढ़े 7 बजे राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने शांता को फोन कर बधाई दी। पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, पूर्व मंत्री गुलाब सिंह ठाकुर, स्वास्थ्य मंत्री ठाकुर कौल सिंह समेत कई नेताओं ने उन्हें फोन पर जन्मदिन की बधाई दी।
जबकि, प्रदेश भाजपा महामंत्री विपिन सिंह परमार, पूर्व मंत्री किशन कपूर, रमेश धवाला, पूर्व विधायक दूलो राम, प्रवीण कुमार, जिला भाजपा अध्यक्ष विनय शर्मा, महामंत्री मुल्खराज प्रेमी समेत अन्य नेताओं ने शांता से मिलकर उन्हें बधाई दी। शांता दिन भर लोगों से मिलते रहे।