लाहौल-स्पीति में मौसम से पूर्व भारी हिमपात होने के कारण रोहतांग दर्रा यातायात के लिए बंद हो गया है। रोहतांग दर्रा में भी वाहन फंसे हुए हैं, जबकि लाहौल-स्पीति में भी भारी वाहन बर्फबारी में फंस गए हैं।
लाहौल-स्पीति में बर्फबारी से फंसे वाहनों को रोहतांग टनल के माध्यम से मनाली तक लाने के लिए रक्षा मंत्रालय की अनुमति आवश्यक है। रक्षा मंत्री निर्मला सीता रमण को सौंपे ज्ञापन में मंडी लोकसभा क्षेत्र के सांसद रामस्वरूप शर्मा ने यह बात कही है।
उन्होंने कहा कि रोहतांग टनल के दोनों छोर आपस में गत 16 अक्तूबर को मिल चुके हैं तथा टनल के माध्यम से वाहनों का आवागमन आपदा काल के समय किया जा सकता है। मौसम से पूर्व जो भारी हिमपात लाहौल-स्पीति और कुल्लू में हुआ है उससे रोहतांग दर्रा यातायात के लिए बंद हो गया है
तथा रोहतांग व आसपास के क्षेत्रों में बर्फबारी में जहां कई वाहन फंसे हुए हैं। वहीं लाहौल-स्पीति में भी रसद सामग्री लेकर गए वाहन बर्फबारी में फंस गए हैं। इन सभी वाहनों को मनाली तक लाने के लिए रक्षा मंत्रालय टनल के माध्यम से आने की स्वीकृति प्रदान की जाए।