जनजातीय क्षेत्र होली में बने पर्वतारोहण संस्थान के भवन को बिना अनुमति एक निजी स्कूल को देने का मामला सामने आया है। इसका खुलासा स्थानीय युवक की ली गई आरटीआई की सूचना में हुआ है। उपायुक्त चंबा से इसकी शिकायत की गई है।
मामले की जांच में सामने आया है कि पर्वतारोहण संस्थान के अधिकारियों ने इसकी सूचना मिलने पर निजी स्कूल प्रबंधन को स्कूल खाली करने के निर्देश दिए थे। इसके साथ ही स्थानीय प्रशासन को भी इसकी जानकारी दी थी।
मगर आज तक इस संबंध में कोई उचित कार्रवाई नहीं की है। स्थानीय युवक अभय कुमार ने बताया कि उन्होंने आरटीआई के जरिये सूचना मांगी थी कि पर्वतारोहण संस्थान के भवन को निजी स्कूल को अगर अनुमति के आधार पर दिया गया है।
इस आरटीआई में उन्हें जवाब मिला कि निजी स्कूल को भवन को ऐसी कोई अनुमति नहीं दी गई है। इससे पता चलता है कि निजी स्कूल बिना अनुमति ही पर्वतारोह संस्थान के भवन में चल रहा है। उपायुक्त चंबा हरीकेश मीणा ने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जाएगी।
स्कूल प्रबंधन को भवन खाली करने कहा गया था : जितेंद्र
पर्वतारोहण संस्थान होली के प्रभारी जितेंद्र ने बताया कि आरटीआई के जरिये उनसे भवन में चल रहे स्कूल की सूचना मांगी गई थी। इसको लेकर उन्होंने भवन का निरीक्षण किया, जहां पर उन्हें स्कूल चलने का पता चला। इसको लेकर उन्होंने स्कूल संचालक को भवन खाली करने के निर्देश दे दिए गए थे। इसके साथ ही इस बारे में हेडक्वार्टर और एडीएम भरमौर को भी सूचित कर दिया गया था।