एचपीयू ने प्रदेशभर में बनाए हैं 150 से ज्यादा केंद्र, मार्च के अंत में शुरू होंगी परीक्षाएं
विज्ञापन
सीसीए अंक दर्ज होने के बाद जारी होंगे प्रवेश पत्र संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला की वार्षिक स्नातक परीक्षाएं (यूजी) मार्च के अंतिम सप्ताह से शुरू होने जा रही हैं। इन परीक्षाओं में प्रदेशभर से 70 हजार से अधिक छात्र शामिल होंगे। परीक्षा संचालन के लिए राज्यभर में 150 से अधिक परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
इन परीक्षाओं में बीए, बीएससी, बीकॉम और शास्त्री सहित विभिन्न स्नातक पाठ्यक्रमों के विद्यार्थी शामिल होंगे। विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक कार्यालय ने सभी महाविद्यालयों को परीक्षा से संबंधित आवश्यक निर्देश जारी कर दिए हैं। कॉलेजों को छात्रों के आंतरिक मूल्यांकन यानी सीसीए अंक समय पर ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए हैं। सीसीए अंक दर्ज होने के बाद ही छात्रों के प्रवेश पत्र जारी किए जाएंगे। प्रशासन का कहना है कि इससे परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता और सटीकता बनी रहेगी। परीक्षाओं के दौरान नकल रोकने के लिए विशेष निगरानी दल भी बनाए गए हैं। परीक्षा केंद्रों में अनुशासन बनाए रखने और नियमों का पालन सुनिश्चित करने पर जोर रहेगा। परीक्षा प्रक्रिया की निगरानी के लिए डिजिटल रिपोर्टिंग प्रणाली का भी उपयोग किया जाएगा जिसके तहत केंद्रों से नियमित जानकारी विश्वविद्यालय मुख्यालय तक पहुंचेगी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रों और महाविद्यालयों से परीक्षा से जुड़े सभी निर्देशों का पालन करने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि यदि सभी औपचारिकताएं समय पर पूरी हो जाती हैं तो परिणाम भी तय समय के भीतर घोषित किए जा सकेंगे।