एसीसी प्लांट बरमाणा में 70 दिन बाद बुधवार को सीमेंट ढुलाई के लिए ट्रक ऑपरेटरों की ऑनलाइन डिमांड हुई। बुधवार को बिलासपुर ट्रक ऑपरेटर सहकारी सभा के 500 और एक्स सर्विसमैन यूनियन के 200 ट्रकों ने सीमेंट की ढुलाई की। इन ट्रकों में करीब 8000 मीट्रिक टन सीमेंट लोड किया गया। हालांकि, प्लांट में अभी नया उत्पादन शुरू नहीं हो पाया है। स्टॉक में रखा पहले से तैयार सीमेंट ही भेजा जा रहा है।
बरमाणा प्लांट में नया उत्पादन शुरू होने में अभी दो दिन और लग सकते हैं। जानकारी के अनुसार प्लांट के किल्लन को अभी गर्म किया जा रहा है। इसे पूरी तरह से गर्म होने में अभी कम से कम दो दिन का ओर समय लगेगा। इसके अलावा माइनिंग साइट की कन्वेयर बेल्ट की भी मरम्मत की जा रही है। प्लांट के सभी कर्मचारी भी अभी तक वापस नहीं लौटे हैं। उनके आने का भी सिलसिला जारी है।
उधर, बुधवार को बीडीटीएस की एप से ऑनलाइन डिमांड शुरू हुई। यह डिमांड नए तय किए गए रेट के अनुसार हुई। बीडीटीएस के महासचिव प्रदीप ठाकुर ने बताया कि प्लांट के शुरू होने के बाद डिमांड भी शुरू हो गई है। बुधवार को 700 ट्रकों को डिमांड दी गई। उनका व्यवसाय एक बार फिर पटरी पर लौटने लगा है। उन्होंने कहा कि वीरवार को बीडीटीएस परिसर में हवन-यज्ञ किया जाएगा।