13वीं विधानसभा का मानसून सत्र 19 अगस्त से शुरू होगा। आठवें सत्र की अधिसूचना विधानसभा सचिवालय ने शुक्रवार को जारी कर दी है।विधानसभा सचिव यशपाल शर्मा ने बताया कि सत्र के दौरान कुल 11 बैठकें आयोजित की जाएंगी।
इस सत्र में दो बैठकें गैर सरकारी सदस्य कार्य दिवस के लिए निर्धारित की गई हैं। ये बैठकें 22 व 29 अगस्त को होंगी। सत्र के दौरान 31 अगस्त को पड़ने वाले अंतिम शनिवार के दिन भी विधायी कार्य होंगे।
19 अगस्त को पहली बैठक दोपहर दो बजे शोकोद्गार के साथ शुरू होगी। इस दौरान प्रश्नकाल के अलावा विभिन्न मुद्दों पर चर्चा आयोजित की जाएगी। वहीं सरकार की ओर से कई महत्वपूर्ण विधेयक व बिल सदन में पेश किए जाएंगे जिन्हें चर्चा के बाद मंजूरी मिलेगी।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने सभी सदस्यों से सदन की कार्यवाही में भाग लेने और जनहित के मुद्दों पर चर्चा कर सदन के संचालन में सहयोग करने की अपील की है।