मासूम बच्चा घर के आंगन में खेल रहा था कि एक बंदर आया और उसे पकड़ लिया। इसके बाद बच्चे को उठाकर भागने लगा। हालांकि, ये ज्यादा दूर तक बच्चे को नहीं ले जा पाया मगर बच्चा घायल जरूर हो गया।
मामला हिमाचल के जिला कांगड़ा के इंदौरा का है। यहां की अटाहड़ा पंचायत में बंदर ने एक बच्चे उठा लिया और वहां से भागने लगा। अभिभावकों के द्वारा डंडे से बंदरों को डराने के बाद ही उसने बच्चे को जमीन पर छोड़ा।
इससे बच्चा घायल हो गया है। अटाहड़ा के सर गांव के देसराज ने बताया कि बंदर ने गांव में एक छोटे बच्चे को उठा लिया और वहां से भागने की कोशिश करने लगा। बाद में बंदर डरकर बच्चे को जमीन पर पटक कर वहां से भाग निकला।
इस घटना में बच्चा बाल-बाल बच गया है, लेकिन फिर भी बच्चे के शरीर पर चोटें आई हैं। अटाहड़ा गांव के तिलक राज, सतीश कुमार, रशीद, सुभाष चंद, चैन सिंह, पवन कुमार, जरम सिंह, थूडू राम, जीवन कुमार, सरदारी लाल, पूर्व प्रधान रणवीर सिंह, लाल सिंह आदि ने बताया कि बंदरों के आतंक से आम जनता तो परेशान है। किसान की खेतीबाड़ी भी बर्बाद हो रही है।