केंद्र की मोदी सरकार ने राजधानी शिमला को बड़ा तोहफा दिया है। इसे उतर भारत के उन 23 शहरों में शामिल किया जा रहा है जिन्हें जल्द ही स्मार्ट सिटी बनाया जाएगा। इस सिटी में तमाम तरह की सुविधाएं लोगों को उपलब्ध करवाई जाएंगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सौ स्मार्ट सिटी तैयार करने की योजना पर गंभीरता से अमल किया गया तो अगले दस सालों में उत्तर प्रदेश के 13 शहरों, हिमाचल के शिमला समेत उत्तर भारत में 23 स्मार्ट सिटी तैयार होंगे।
शहरी परिवर्तन और कायाकल्प के लिए अटल मिशन योजना (अमरूत) के तहत भी प्रदेश के 64 शहरों के कायाकल्प की उम्मीद है। शहरी विकास मंत्रालय दो दिनों में स्मार्ट सिटी के चयन के लिए दिशानिर्देश जारी करेगा।
राज्य सरकारें तय मानक पर खरा उतरने वाले शहरों को स्मार्ट सिटी बनाने के लिए नामित कर सकेंगी। केंद्र की अब तक की तैयारी के मुताबिक, यूपी समेत 12 राज्यों में करीब 70 फीसदी स्मार्ट सिटी बनेंगे।