पटना से बीए की पढ़ाई के बाद नड्डा हिमाचल लौटे। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला से लॉ की पढ़ाई की। 1984 में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में एबीवीपी से पहली बार एससीए का चुनाव लड़े व अध्यक्ष बने। 1986 से 89 तक एबीवीपी के राष्ट्रीय महासचिव रहे। नड्डा 31 साल की उम्र में 1991 में भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए गए। नरेंद्र मोदी 1996 से 1998 तक हिमाचल प्रदेश भाजपा के प्रभारी रहे हैं। नड्डा की उसी समय से उनसे नजदीकियां रही हैं। संगठन का काम करते हुए मोदी जब बिलासपुर जाते तो उनका नड्डा के घर आना-जाना रहता था।
वह 1993 से 2003 और 2007 से 2012 तक बिलासपुर से विधायक रहे। 1998 से 2003 तक हिमाचल सरकार में स्वास्थ्य और परिवार कल्याण और संसदीय मामलों के मंत्री रहे। दूसरी बार विधायक बनने पर 2008 से 2010 तक वह प्रदेश सरकार में वन, पर्यावरण, विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री भी रहे। उसके बाद भाजपा की राष्ट्रीय राजनीति में आ गए। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव रहे। 2012 और 2018 में भाजपा ने उन्हें राज्यसभा भेजा। 2014 से 2019 तक पहले मोदी मंत्रिमंडल में उन्हें केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री और भाजपा के संसदीय बोर्ड का सचिव बनाया गया। 17 जून 2019 में नड्डा को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया। 20 जनवरी 2020 को राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया। मौजूदा समय में नड्डा गुजरात से राज्यसभा सांसद हैं।