आलीशान रैंप पर कैटवॉक करतीं हसीनाओं ने हाल में मौजूद दर्शकों के दिल की धड़कन को बढ़ा दिया। दूसरे चरण में टैलेंट राउंड और मिस परफेक्ट रैंप वॉक के दौरान मॉडल्स ने एक से एक बेहतरीन प्रस्तुतियां दीं।
सोमवार को मिस समर फेस्टिवल शिमला-2014 की सौंदर्य प्रतियोगिता के दौरान मौजूद दर्शक सुंदरियों की अदाओं को देखकर दंग रह गए। दोपहर तीन बजे शुरू हुए इस मुकाबले में पहुंचीं पंद्रह मॉडल्स ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दीं।
इनमें निष्ठा शर्मा, भूमिका शर्मा, प्रियंका पटियाल, शालू राजटा, गरिमा वर्मा, प्रियल शिष्ठा, नेहा शुक्ला, रितिका श्याम, पायल जसवाल, पारूल चौहान, अनन्या शर्मा, सिमरन भंडारी, पारूल जगटा, दिपाली चौहान, पायल राजटा शामिल रहीं। पहला राउंड टैलेंट राउंड था।
इसमें खूबसूरत मॉडल्स ने देवदास फिल्म के गीत काहे छेड़ मोहे से दर्शकों की तालियां बटोरीं तो किसी ने शास्त्रीय नृत्य से दिल जीता। वहीं, किसी ने एक्टिंग, सिंगिंग और स्वयं लिखी कविताएं सुनाकर अपना हुनर दिखाया।
इसके बाद इन टाइटल के लिए चुनी मॉडल्स ने कैटवॉक कर हुस्न के जलवे बिखेरे। आरकेएमवी की संगीत शिक्षिका डा. लक्ष्मी और मिस शिमला 2013 शिव्या पठानिया ने जज की भूमिका निभाई।
प्रतियोगिता का संचालन सुनीता अरोड़ा और राजीव अरोड़ा ने किया। सुनीता अरोड़ा ने बताया कि इन दोनों टाइटल का परिणाम चार जून को घोषित किया जाएगा।