कांग्रेस विधायक विक्रमादित्य सिंह
- फोटो : सोशल मीडिया
कांग्रेस विधायक विक्रमादित्य सिंह ने कहा है कि पिछले काफी समय से मुख्यमंत्री के हेलीकाप्टर को लेकर विवाद चला है और मैंने हमेशा सही को सही और गलत को गलत कहने में विश्वास रखा है। हिमाचल सरकार को अन्य मसलों पर घेरा जा सकता है। इस महामारी के समय में इस हेलीकाप्टर की प्रदेश को पहले से ज्यादा आवश्यकता है। प्रदेश के दुर्गम क्षेत्रों से मरीजों को एयर लिफ्ट करना और ऑक्सीजन सप्लाई दुर्गम क्षेत्रों में पहुंचानी पड़े तो सरकार किसके पास हाथ फैलाती रहेगी।
विक्रमादित्य ने सोशल मीडिया में लिखा है कि हेलीकाप्टर महंगा है पर हमें विश्वास है कि ग्लोबल टेंडर से शॉर्ट लिस्ट हुआ है। यह 18 सीटर हेलीकाप्टर प्रदेश हित में है। यह हेलीकाप्टर केवल मुख्यमंत्री के लिए नहीं बल्कि प्रदेश के दुर्गम क्षेत्र में फंसे लोगों को शिमला आदि शहरों में लाने के लिए भी उपयोग में लाया जाता है। हिमाचल जैसे पहाड़ी राज्य में लाहौल स्पीति, पांगी भरमौर, डोडराक्वार जैसे दुर्गम क्षेत्र में फंसे लोगों को लाने के लिए यह हेलीकाप्टर बहुत आवश्यक है। विधायक ने लिखा है कि प्रदेश ही नहीं, हर राज्य के पास अपना विमान है। मुख्यमंत्री इसका इस्तेमाल अपने सरकारी कार्यों के लिए करते हैं, वहीं आपातकाल में इसका इस्तेमाल प्रदेश के और लोगों के लिए पूर्व की तरह भविष्य में भी होना चाहिए।