विधायक रवि ठाकुर ने स्पीति के लिदांग, लारा, काजा, लांगचा, कॉमिक और हिक्किम में जन समस्याएं सुनीं। इस दौरान काजा में 1 करोड़ 86 लाख रुपये की लागत से बनने वाले कन्या छात्रावास का शिलान्यास भी किया। यह छात्रावास पहले से बने छात्रावास के साथ ही बनेगा। विधायक रवि ठाकुर ने कहा कि असल में स्पीति में छात्रावास की मांग लंबे समय से उठाई जा रही थी। उक्त छात्रावास में 12 कमरे बनेंगे जोकि स्पीति की मिट्टी से बने होंगे। मिट्टी से बने कमरों में सर्दियों में ठंड का एहसास काफी कम होता है।
उन्होंने कहा कि डेढ़ साल के अंदर इस छात्रावास को तैयार कर लिया जाएगा। काजा पुलिस परिसर में 66 लाख की लागत से बनने जा रहे सम्मेलन कक्ष का भी शिलान्यास किया। इसके साथ ही काजा में बन रहे ग्रामीण हट का निरीक्षण किया। विधायक ने लंबित पड़े कार्य की अनुमानित लागत तैयार करके शीघ्र कार्य पूरा करने ने निर्देश दिए। कॉमिक, हिक्किम और लांगचा में लोगों की जन समस्याओं के समाधान के लिए विधायक ने आश्वासन दिए। इस अवसर पर एसडीएम हर्ष अमरेंद्र नेगी, सभी विभागाध्यक्ष, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राम सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।
स्पीति के हर गांव में पहुंचेगा 4जी
विधायक रवि ठाकुर ने कहा कि स्पीति के हर गांव में 4जी नेटवर्क की सुविधा मुहैया करवाने का लक्ष्य रखा गया है। इसी कड़ी में बीएसएनएल के 34 टावर अभी तक स्पीति में स्थापित हो चुके हैं, जिनमें अब नेटवर्क शुरू करने का कार्य शेष रहा है। पिन घाटी जोकि पूरी तरह से किसी भी मोबाइल नेटवर्क से कटी हुई थी। वहां पर भी मोबाइल टावर स्थापित किया जा चुका है। आगामी कुछ महीनों में इसे सुचारू कर दिया जाएगा।