..इसे किस्मत का फेर कहें या कुछ और। जो व्यक्ति पिछले ढाई साल से घर से लापता है, उसके नाम पर इनाम में महिंद्रा स्कॉर्पियो निकली है। व्यक्ति का कोई अता-पता तो नहीं चला है लेकिन इनाम ने उसके जिंदा होने का सबूत दिया है। हिमाचल के सोलन जिले ग्राम पंचायत पलोग के नेर गांव से गुम पवन कुमार के घर दवाई कंपनी की तरफ से चिट्ठी आने से माता-पिता को आस जगी है। दरअसल पवन कुमार ने किसी कंपनी की दवाई खरीदी। कंपनी के कूपन में महिंद्रा स्कॉर्पियो पवन के नाम पर निकली है।
पवन के पिता नंद लाल शर्मा ने बताया कि करीब ढाई साल पहले उनका बेटा घर से यह कह कर निकला था कि शाम को लौट आएगा। इसी दिन से पवन लापता हो गया। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट थाने में भी दर्ज करवाई है। परिजनों ने कंपनी के अधिकारियों से बात की तो उन्होंने बताया कि पवन कुमार ने करीब डेढ़ माह पहले दवाई खरीदी थी। कूपन पर पवन के नाम महिंद्रा स्कॉर्पियो इनाम में निकली है। कंपनी ने कहा कि पवन के दस्तावेज जमा करवाने के बाद इनाम दिया जाएगा। उधर, डीएसपी प्रताप सिंह का कहना है कि इस मामले में पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज है। अगर व्यक्ति का कोई सुराग मिला है तो पुलिस इस पर काम करेगी।