धर्मपुर के रौडी गांव में शरारती तत्वों ने केरोसिन डालकर काली माता मंदिर और पुजारी को जिंदा जलाने की कोशिश की। यह घटना सोमवार देर रात की है, लेकिन पुलिस को इसकी शिकायत शुक्रवार को दी गई है। शरारती तत्वों ने मूर्तियों को उठाकर मंदिर से थोड़ी दूरी पर फेंक दिया। मंदिर में रखा कुछ सामान भी गायब था। पुजारी के सोने वाले कमरे को भी रोशनदान से केरोसिन डालकर जलाने की कोशिश की। पुजारी ने इसकी शिकायत पुलिस को दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बाबा जोमन दास गिरी ने बताया कि वह करीब 20 वर्षों से काली माता मंदिर गांव आंजी में पुजारी हैं। वह अकेले रहते हैं। सोमवार देर रात को जब वह सो रहे थे तो केरोसिन छिड़ककर अज्ञात व्यक्ति ने मंदिर में आग लगा दी। इससे मंदिर में रखा काफी सामान जल गया। मंदिर में रखी मूर्तियों को भी काफी नुकसान हुआ है। शरारती तत्वों ने मूर्तियों को उठाकर मंदिर से थोड़ी दूरी पर फेंक दिया। इन्हें दिन के समय तलाश करने पर बरामद किया गया। उधर, थाना प्रभारी धर्मपुर दयाराम ठाकुर ने बताया कि मामला दर्ज कर मौके की जांच की जा रही है।
स्थानीय निवासी नहीं कर सकता हरकत : दिनेश
रौडी पंचायत के उपप्रधान दिनेश शर्मा ने बताया कि बाबा पिछले काफी समय से मंदिर में रह रहे हैं। गांव के बहुत कम लोग मंदिर जाते हैं। इस तरह की हरकत कोई स्थानीय निवासी नहीं कर सकता है। मामले की जांच में सही आरोपियों का पता चल जाएगा।