शिमला शहर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ सार्वजनिक स्थलों पर लिखी जाने वाली अभद्र टिप्पणी के मामले नहीं थम रहे। इस मामले में अब तक पुलिस शहर के विभिन्न थानों में तीन एफआईआर दर्ज कर चुकी है लेकिन इन टिप्पणियों को कौन लिख रहा है इस बारे में अब तक कोई सुराग नहीं लग पाया है।
अब एक नए मामले में कार्ट रोड पर सड़क के किनारे दीवार पर फिर से काले अक्षरों में प्रधानमंत्री के खिलाफ टिप्पणी की है। इससे पहले सात अक्तूबर को खलीणी और कसुम्पटी एसडीए कांपलेक्स में भी सार्वजनिक स्थलों पर अभद्र टिप्पणी लिखी गई थी।
इन दोनों मामलों में एफआईआर दर्ज की गई। इससे पहले की पुलिस आरोपियों को ढूंढ पाती नौ अक्तूबर को कसुम्पटी में फिर से दीवार पर ऐसी ही टिप्पणी लिखी पाई गई। डीएसपी हेडक्वार्टर प्रमोद शुक्ला ने कहा कि थाना सदर से मौके पर पुलिस को भेजा गया है। मामले की छानबीन की जा रही है।