कर्फ्यू के बाद शिलाई क्षेत्र में नशे में धुत लोगों ने पुलिस कर्मियों पर हमला कर दिया। हमले में दो पुलिस कर्मियों को चोटें आई हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। शिलाई विधानसभा क्षेत्र की हालाहां पंचायत में नैनीधार-गत्ताधार सड़क पर धुमखर के पास मारपीट की यह घटना हुई। इसमें रोनहाट चौकी प्रभारी दलीप सिंह राठौर और कांस्टेबल वीरेंद्र चौहान लहूलुहान हो गए।
बताया जा रहा है कि हलाहां के धुमखर गांव से कुछ दूर सड़क पर प्रशासन और इन हुड़दंगियों की गाड़ी का आमना-सामना हुआ। पुलिस कर्मियों ने युवकों को घर जाने के लिए कहा और कर्फ्यू के चलते सरकार के आगामी आदेशों तक अपने घरों में रहने का आग्रह किया। इतना सुनते ही शराब के नशे में धुत हुड़दंगियों ने गाड़ी से उतरकर पुलिस कर्मियों के साथ दुर्व्यवहार किया और हमला कर दिया।
कोरोना संक्रमित देशों से भारत लौटने वाले लोगों के स्वास्थ्य जांच के लिए प्रशासन ने कुछ टीमें बनाई हैं। इनमें डॉक्टर, पैरामेडिकल स्टाफ, राजस्व और पुलिस कर्मी संयुक्त रूप से शामिल किए गए हैं। यह टीम कोरोना संदिग्ध लोगों की सूचना मिलने पर उनके घरों में उनका हेल्थ चेकअप कर रही हैं। क्षेत्र से लोगों को जागरूक करने के बाद टीम अपने गंतव्य की ओर लौट रही थी।
इसी बीच, हुड़दंगियों का पुलिस से सामना हो गया। नशे में धुत लोगों ने पुलिस पर हमला कर दिया। इसमें एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। दो लोग फरार हो गए हैं। डीएसपी सोमदत्त ने बताया कि पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। एक आरोपी को हिरासत में लिया है। हुड़दंगियों की गाड़ी भी जब्त की गई है। बाकी आरोपियों की तलाश जारी है।