उद्योग मंत्रालय की ओर से ऊना में अत्याधुनिक टूल रूम की स्थापना के लिए 17 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने हरोली के बाथू-बाथड़ी औद्योगिक क्षेत्र के लिए 17 करोड़ के टूल रूम (वर्कशॉप) को लेकर 25 नवंबर को कांगड़ की जनसभा में घोषणा की थी। प्रदेश औद्योगिक निगम के उपाध्यक्ष प्रो. राम कुमार ने इसकी पुष्टि की है।
रामकुमार ने बताया कि 22 जनवरी को विशेष बैठक में इस परियोजना को स्वीकृति मिली है। ऊना में स्थापित उद्योगों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए यह परियोजना स्वीकृत की गई है। पहले इस तरह की कोई सुविधा न होने के चलते उद्योगपतियों को किसी भी प्रकार के टूलिंग कार्य के लिए लुधियाना, बटाला, दिल्ली या फरीदाबाद जाना पड़ता था।
परंतु इस टूल रूम की स्थापना होने के बाद उद्योगपतियों को यांत्रिकी संबंधित कार्यों के लिए जिला से बाहर नहीं जाना पड़ेगा। इस में उद्योगों की सभी जरूरतों जैसे कटिंग, बोरिंग लेंथ वर्क, सीट प्रेस बिल्डिंग डाई निर्माण इत्यादि के लिए सुविधा प्रदान की जाएगी।
स्किल डेवलेपमेेंट सेंटर भी बनेगा
बाथू-बाथड़ी में स्थापित होने वाले इस पूर्ण टूल रूम के साथ एक आधुनिक टेस्टिंग लैबोरेट्री और स्किल डेवलपमेंट सेंटर की भी स्थापना की जाएगी। इसमें पढ़े-लिखे युवाओं को तकनीकी प्रशिक्षण दिया जाएगा।