उन्होंने आरोप लगाया कि जनता ने इन्हें पांच साल के लिए चुना है। इन्होंने भाजपा के दबाव में इस्तीफे दिए। राज्यसभा चुनाव में भाजपा के पक्ष में मतदान करने वाले तीन निर्दलीय विधायकों हमीरपुर से आशीष शर्मा, देहरा से होशियार सिंह और नालागढ़ से केएल ठाकुर ने विधायक पद से शुक्रवार को इस्तीफे सौंपे थे। मंत्रियों और कांग्रेस विधायकों का आरोप है कि शुक्रवार को नई दिल्ली से हेलिकाप्टर में शिमला पहुंचकर तीनों ने विधानसभा सचिव को इस्तीफे सौंपे।
उसके बाद ये निर्दलीय विधायक राज्यपाल से मिले और उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष को भी इस्तीफे दिए। उस दौरान नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और अन्य भाजपा नेता भी उनके साथ रहे। तीनों निर्दलीय विधायक जयराम ठाकुर के साथ दिल्ली वापस भी चले गए। विधानसभा अध्यक्ष के पास यह शिकायत मंत्री जगत सिंह नेगी, रोहित ठाकुर, अनिरुद्ध सिंह, विक्रमादित्य सिंह, मुख्य संसदीय सचिव संजय अवस्थी, विधायक संजय रतन और अन्य विधायकों ने की है।
मुख्य संसदीय सचिव संजय अवस्थी ने कहा कि इस्तीफे देने से पहले हेलिकाप्टर में निर्दलियों को शिमला लाए जाने और भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के साथ होने से उनके राजनीतिक दबाव में इस्तीफे देने की बात पुष्ट होती है। शिकायत में मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की मांग की गई है। वहीं, विधानसभा सचिव यशपाल शर्मा ने शिकायत होने और इस पर 10 अप्रैल तक स्थिति स्पष्ट करने को कहा है।