गोवंश के संरक्षण के लिए मंत्री वीरेंद्र कंवर ने बड़ा एलान किया है। ग्रामीण विकास, पंचायतीराज, पशु तथा मत्स्यपालन मंत्री वीरेंद्र कंवर ने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में बेसहारा गोवंश के संरक्षण को गऊ सेंक्चुरी स्थापित की जाएगी।
आगामी बजट सत्र में पशुओं को सड़क पर छोड़ने वालों के खिलाफ एक सख्त कानून लाया जाएगा।उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगभग 34 हजार बेसहारा गोवंश सड़कों पर है। इनमें लगभग 11 हजार के संरक्षण की व्यवस्था सरकार ने कर ली है।
प्रदेश में गऊ संरक्षण-संवर्धन बोर्ड बनाया है। इसके अंतर्गत पंजीकृत गोशालाओं के संचालन के लिए सहायता राशि मिले, इस दिशा में भी प्रयास किए जाएंगे। वीरेंद्र कंवर कुटलैहड़ निर्वाचन क्षेत्र के बंगाणा के मुच्छाली में लगभग 10 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित गोसदन, ग्राम पंचायत मलांगड़
में साढ़े 15 लाख की लागत से नवनिर्मित आयुर्वेदिक चिकित्सालय के नवनिर्मित भवन तथा लगभग 10 लाख से बनने वाले सामुदायिक भवन की आधारशिला रखने के उपरांत पस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि देश और समाज की उन्नति के लिए अपनाए गए पाश्चात्य मॉडल के चलते जहां समाज में विकृति आई है, वहीं माता का दर्जा प्राप्त गाय आज सड़क पर बेसहारा घूमने को मजबूर है। यह चिंता का विषय है। कहा कि सरकार पशुओं की गणना के साथ-साथ उनकी टैगिंग भी सुनिश्चित बनाएगी। इस दिशा में प्रयास प्रारंभ कर दिए हैं।