डा. रामलाल मारकंडा ने कहा कि हिमाचल की सभी 19 सब्जी मंडियों को इंटरनेट सुविधा से जोड़ा जा रहा है, ताकि किसान-बागवान अपने उत्पादों की ऑनलाइन बिक्री कर सकें। बंजार विधानसभा क्षेत्र में आधुनिक सुविधाओं से युक्त सब्जी मंडी का निर्माण कार्य इसी वित्तीय वर्ष में आरंभ किया जाएगा।
चौधरी सरवण कुमार हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर के बजौरा स्थित कृषि विज्ञान केंद्र की ओर से सोमवार को बंजार उपमंडल की ग्राम पंचायत कंडीधार के गांव नागनी में एक दिवसीय किसान प्रशिक्षण शिविर एवं किसान मेले का आयोजन किया गया।
पौधा किस्म और कृषक अधिकार संरक्षण अधिनियम के अंतर्गत आयोजित इस शिविर का शुभारंभ कृषि, सूचना प्रौद्योगिकी और जनजातीय विकास मंत्री डा. रामलाल मारकंडा ने किया। किसानों-बागवानों को संबोधित करते हुए डा. मारकंडा ने कहा कि सरकार हर खेत तक पानी पहुंचाने के लिए प्रयासरत है।
सौर ऊर्जा चलित सिंचाई योजनाओं की संभावनाएं भी तलाशी जा रही हैं। इससे पहले विधायक सुरेंद्र शौरी ने कृषि मंत्री का स्वागत किया तथा बंजार क्षेत्र में जारी विकास कार्यों की जानकारी दी।
इस दौरान कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति अशोक कुमार सरयाल, आत्मा परियोजना के निदेशक संजय मरवाह, कृषि विशेषज्ञ जय बिहारी लाल, जिला भाजपा अध्यक्ष भीमसेन शर्मा, कृषि विज्ञान केंद्र के प्रसार निदेशक डा. अतुल, अनुसंधान निदेशक डा. आरएस जमवाल, उमेश सूद व अन्य उपस्थित थे।
24 घंटों में होगा समस्याओं का समाधान
हिमाचल के सभी आठ कृषि विज्ञान केंद्रों के वैज्ञानिकों को व्हाट्स एप गुप से जोड़ा जाएगा तथा वे 24 घंटे के अंदर किसानों की समस्याओं का समाधान करेंगे।
इस अवसर पर कृषि मंत्री ने क्षेत्र के किसानों-बागवानों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। लगभग 80 किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरित किए तथा प्रगतिशील किसानों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए।