वरिष्ठ नागरिक हमारे समाज का महत्वपूर्ण अंग हैं, उनके पास व्यावहारिक ज्ञान और जीवन के अनुभवों का खजाना है। इसका लाभ लेकर हम समाज में फैल रही अनेक कुरीतियों को दूर कर सकते हैं।
यह शब्द खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री किशन कपूर ने लायंस क्लब धर्मशाला में वरिष्ठ नागरिक दिवस पर पर आयोजित सम्मान समारोह में कहे। कपूर ने कहा कि बुजुर्गों के आशीर्वाद एवं उनकी सीख से युवा जीवन की सही दिशा प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि लायंस क्लब की ओर से अनेक समाज हित के कार्य किए जा रहे हैं, जिसमें गरीबों की सहायता, युवतियों को आत्मनिर्भरता के लिए नि:शुल्क कंप्यूटर शिक्षा, सिलाई-कढ़ाई प्रशिक्षण व ब्यूटीशियन इत्यादि के कोर्स करवाए जाते हैं।
खाद्य आपूर्ति मंत्री ने धर्मशाला व आसपास के नागरिकों को संस्था की ओर से सम्मानित किया तथा लायंस क्लब को वरिष्ठ नागरिकों के लिए लायंस क्लब में अध्ययन कक्ष के लिए विधायक निधि से दो लाख रुपये देने की घोषणा की।