मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने खेल मैदान, रेस्ट हाउस, स्कूल के नए परिसर का किया शुभारंभ
तीन सड़कों को पक्का और चौड़ा करने के दिए निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने रविवार को शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत चनोग में करीब 3.50 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं के उद्घाटन एवं शिलान्यास किए। मंत्री ने 39 लाख रुपये से बने रेस्ट हाउस, आठ लाख रुपये से बने प्राथमिक पाठशाला चनोग के दो अतिरिक्त कमरों, तीन लाख रुपये से खेल मैदान कफ़्लेड, पांच लाख से बने खेल मैदान सुजाना और 19 लाख रुपये से बने खेल मैदान बरोग का शुभारंभ किया।
मंत्री ने कहा कि हर गांव को सड़क सुविधा से जोड़ना उनकी प्राथमिकता है। इलाके के लोगों की काफी पुरानी मांग को पूरा करते हुए तीन महत्वपूर्ण सड़कों को चौड़ा और पक्का किया जा रहा है। संपर्क सड़क कफलेड को 89 लाख रुपये, पवाबो से सुजाना संपर्क सड़क को 86 लाख और संपर्क सड़क शाल से चनोग को 90 लाख रुपये की राशि से चौड़ा और पक्का किया जाएगा। मंत्री ने कहा कि पवाबो में निर्मित किए गए रेस्ट हाउस को इको टूरिज्म के तहत लाने के प्रयास किए जाएंगे।
शालाघाट-शिमला फोरलेन में किया बदलाव
मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि शालाघाट से शिमला तक बनने वाले फोरलेन के सर्वे में थोड़ा बदलाव किया गया है। अब यह धमून, खलग और जाठिया देवी के पास से होकर जाएगा। कहा कि लोग एक कल्याण संगठन बनाने का प्रयास करें ताकि अपने अधिकारों के लिए संगठित होकर किसी भी मंच पर अपनी आवाज उठा सकें ताकि फोरलेन के लिए अधिग्रहण की जाने वाली जमीन का अधिक से अधिक मुआवजा मिल सके। पुराने शालाघाट से शिमला तक की सड़क अब राज्य राजमार्ग के तहत लोक निर्माण विभाग के पास आ गई है। इसके सुधार के लिए केंद्र सरकार की ओर से 25 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। कहा कि पीएमजीएसवाई-4 के तहत शिमला ग्रामीण की चार सड़कें शामिल की गई हैं। सुन्नी, घणाहट्टी और शोघी स्कूलों को सीबीएसई में बदलने की प्रक्रिया जारी है। भविष्य में यदि खलग स्कूल मापदंड को पूरा करता है तो इस स्कूल को सीबीएसई में बदला जाएगा। मंत्री ने कहा कि पूरे शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में जितने भी पेयजल से छूटे हुए घर हैं उन्हें पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने के लिए जल शक्ति विभाग के माध्यम से एक सर्वे करवाया जा रहा है। जल्द इसकी डीपीआर बनाकर मंजूरी के लिए भेजी जाएगी। इससे पहले पंचायत प्रधान मनोज कुमार ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया और पंचायत क्षेत्र में करवाए गए विकासकार्यों की जानकारी दी। इस दौरान कुछ मांगे भी रखीं। मंत्री ने मांगों को चरणबद्ध तरीके से पूरा करने का आश्वासन दिया।