शहर से सटे बड्डू वार्ड में सीर खड्ड के किनारे कपड़े धो रहे एक प्रवासी युवक की खड्ड में डूबने से मौत हो गई। युवक की पहचान अजय सिंह (22) पुत्र गंगा राम, निवासी एरोला, जिला रामपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक वीरवार सुबह बड्डू वार्ड के समीप सीर खड्ड में प्रवासी युवक अजय सिंह कपड़े धो रहा था। इस दौरान अजय का पांव फिसल गया। इससे वह गहरे पानी में डूब गया। अजय को डूबते देख उसके चचेरे भाई ने शोर मचाना शुरू किया।
चिल्लाने की आवाज सुनकर वहां पर लोग एकत्रित हो गए। लोगों ने अजय को पानी से बाहर निकाला और सिविल अस्पताल घुमारवीं ले गए। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर लिया है।
शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। बताया जा रहा है कि युवक तीन सितंबर को ही यहां पर काम करने के लिए अपने चचेरे भाई के पास पहुंचा था। युवक मजदूरी करता था। उधर, डीएसपी अंजनी जसवाल ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।