केंद्रीय मानव संसाधन एवं विकास मंत्रालय ने हिमाचल के 23 कॉलेजों के लिए दो-दो करोड़ रुपये की इन्फ्रास्ट्रक्चर ग्रांट मंजूर की है। एक साल में एक करोड़ रुपये दिए जाएंगे। आगामी 15 दिनों में प्रदेश के कॉलेजों को पहली किस्त जारी होगी।
बुधवार को नई दिल्ली में हुई पीएबी की बैठक में हिमाचल से अतिरिक्त मुख्य सचिव शिक्षा पीसी धीमान, उच्च शिक्षा निदेशक दिनकर बुराथोकी और स्टेट प्रोजेक्ट डायरेक्टर रूसा डा. गोपाल कृष्ण संधाईक मौजूद रहे। केंद्र ने हिमाचल की ग्रांट योजना को स्वीकृति दे दी है।
इन्हें मिली ग्रांट- धर्मशाला, बैजनाथ, बिलासपुर, नादौन, घुमारवीं, अर्की, दौलतपुर चौक, करसोग, ढलियारा, जोगिंद्रनगर, पालमपुर, सरकाघाट, हमीरपुर और सेंट बीड्स कॉलेज शिमला। यह 14 कॉलेज नेक से मान्यता प्राप्त हैं। जबकि नौ कॉलेजों कोटशेरा, ऊना, चुवाड़ी, नालागढ़, रामपुर बुशहर, चंबा, सीमा कॉलेज रोहड़ू, आरकेएमवी और नाहन कॉलेज को एलओआई (लैटर आफ इंटेंड) जमा करवाने पर ग्रांट मिली है।
ऐसे खर्च होगी कॉलेजों में राशि- ग्रांट की 35 फीसदी राशि कॉलेजों में नए कमरे और मल्टीपर्पज हॉल बनाने के लिए मिलेगी। 35 फीसदी राशि भवनों की मरम्मत, नई लैब बनाने, वाई-फाई सुविधा पर खर्च होगी। शेष 30 प्रतिशत राशि उपकरणों की खरीद, स्मार्ट क्लास रूम, कंप्यूटर लैब बनाने को, पुस्तकालय को आधुनिक बनाने और ई रिसोर्स लाइब्रेरी बनाने पर खर्च होगी।