हिमाचल में गुरुवार को भारी बारिश के लिए जारी ऑरेंज अलर्ट बेअसर रहा। गुरुवार को शिमला सहित अधिकांश क्षेत्रों में धूप खिली रही। इससे अधिकतम तापमान में दो डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज हुई है। हालांकि, कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश भी हुई है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने शुक्रवार से रविवार तक कई क्षेत्रों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। गुरुवार को राजधानी शिमला में दिन भर मौसम साफ रहा। मैदानी क्षेत्रों में धूप खिलने से दिन के समय दोबारा पसीने छूटना शुरू हो गए।
गुरुवार को भुंतर में अधिकतम तापमान 34.6, ऊना में 34.2, चंबा में 32.5, बिलासपुर में 32.3, हमीरपुर में 31.9, कांगड़ा में 31.0, सुंदरनगर में 30.7, धर्मशाला में 30.2, सोलन में 29.0, नाहन में 28.6, शिमला में 24.7, कल्पा में 22.7 और केलांग में 21.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
उधर, बुधवार रात को सुंदरनगर में 26, धर्मशाला-गुलेर में 24, जोगिंद्रनगर में 12, मंडी में 11, पंडोह-पालमपुर में 8, मनाली में 5, सरकाघाट में 3 और जंजैहली में एक मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई।