हिमाचल प्रदेश में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों की एक टीम ने वीरवार को प्रदेश के सभी डीसी व एसपी के साथ बैठक की।
लोगों को ज्यादा से ज्यादा संख्या में चुनाव में भागीदारी करने के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा गया। बूथ स्तर की समस्याओं पर भी चर्चा की गई। बैठक से निकले बिंदुओं पर आयोग की टीम अब प्रदेश सरकार से बात करेगी ताकि चुनाव से पहले हर पोलिंग स्टेशन तक मूलभूत सुविधाएं पहुंच सकें।
वीरवार को भारत निर्वाचन आयोग से डिप्टी चुनाव आयुक्त उमेश सिन्हा और संदीप सक्सेना ने होटल पीटरहॉफ में सभी जिलों के डीसी व एसपी के साथ बैठक की। बैठक के दौरान उन्होंने सभी डीसी कम जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी अपने जिलों में विशेष अभियान चलाकर लोगों को मतदान व मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने के लिए जागरूक करें।
इसके अलावा प्रचार के हर माध्यम व आयोग के पास दर्ज करीब तीस लाख मतदाताओं के नंबरों पर संदेश भेजकर चुनावी पर्व में उनकी भागीदारी बढ़ाने का प्रयास करें। आयोग का खास जोर 15 से 30 सितंबर के बीच चलने वाले विशेष अभियान पर है, जिसमें ब्लॉक स्तर के चुनाव अधिकारी हर घर जाकर छूटे मतदाताओं का नाम चुनाव सूची में शामिल कराएंगे। सिन्हा ने कहा कि इसके लिए रेडियो, टीवी, अखबारों के अलावा सोशल मीडिया का सहारा लिया जाएगा।