प्रदेश तकनीकी शिक्षा विभाग ने तीन वर्षीय डिप्लोमा मेक्ट्रोनिक्स इंजीनियरिंग के लिए आवेदन मांगे हैं। प्रदेश में पहली बार शुरू हो रहे नए कोर्स के लिए अभ्यर्थी 19 जुलाई तक आवेदन कर सकते हैं। कोर्स के लिए वे अभ्यर्थी भी पात्र होंगे, जो मई में हुई बहुतकनीकी प्रवेश परीक्षा को देने से रह गए थे। तकनीकी शिक्षा विभाग ने राजकीय मिलेनियम बहुतकनीकी संस्थान चंबा के लिए आवेदन मांगे हैं।
आवेदन 30 सीटों के लिए होंगे। छात्रों से प्रति समेस्टर 6,038 रुपये फीस ली जाएगी। जबकि लड़कियों को 4,538 रुपये फीस देनी होगी। डिप्लोमा कोर्स करने वाले अभ्यर्थियों को 24 महीनों तक एक हजार रुपये कौशल विकास भत्ता दिया जाएगा। तीन वर्षीय कोर्स के लिए जहां बहुतकनीकी प्रवेश परीक्षा देने वाले अभ्यर्थी पात्र होंगे, वहीं वे अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकते हैं, जिन्होंने पहले परीक्षा नहीं दी थी।
यह है मेक्ट्रोनिक्स इंजीनियरिंग
मेक्ट्रोनिक्स इंजीनियरिंग, इंजीनियरिंग की ही एक उप-शाखा है। यह इलेक्ट्रिकल और मेकेनिकल दोनों का मिला रूप है। इसमें रोबोटिक्स, इलेक्ट्रॉनिक्स, कंप्यूटर और कई अन्य तत्वों को भी शामिल किया गया है। मेक्ट्रोनिक्स इंजीनियरिंग का उपयोग जटिल, विद्युत और सॉफ्टवेयर कंपोनेंट्स को इकट्ठा करने के लिए किया जाता है।
बहुतकनीकी संस्थान चंबा में इस वर्ष से मेक्ट्रोनिक्स इंजीनियरिंग में तीन वर्षीय डिप्लोमा कोर्स शुरू किया जा रहा है। इसके लिए अभ्यर्थी 19 जुलाई तक आवेदन कर सकते हैं। वे अभ्यर्थी भी आवेदन के लिए पात्र होंगे, जिन्होंने बहुतकनीकी प्रवेश परीक्षा नहीं दी थी।
- विवेक चंदेल, निदेशक, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण हिमाचल प्रदेश