मकान के नजदीक सीवरेज लाइन होने के बावजूद सीवरेज कनेक्शन न लेने वाले लोगों के खिलाफ नगर निगम अब कड़ी कार्रवाई करेगा। ऐसे लोगों को नगर निगम नोटिस जारी करेगा। गंभीरता नहीं दिखाई जाती तो मकान का पानी का कनेक्शन काट दिया जाएगा। पीलिया को लेकर रविवार को बचत भवन में नगर निगम की आपात बैठक में यह निर्णय लिया गया। बैठक की अध्यक्षता नगर निगम के आयुक्त पंकज राय ने की।
पीलिया के बढ़ते मामलों पर अंकुश लगाने के लिए नगर निगम ने एक्शन प्लान तय किया है। पीलिया प्रभावित क्षेत्रों का सोमवार से नगर निगम के सहायक नोडल अधिकारी अपनी टीमों के साथ निरीक्षण करेंगे। नगर निगम के चार वार्ड पीलिया प्रभावित क्षेत्रों के दायरे में आ रहे हैं। इन चार वार्डों को 7 जोन (विकास नगर, छोटा शिमला, बीसीएस, खलीनी, न्यू शिमला, कुसुम्पटी और पंथाघाटी) में बांटा गया है।
हर टीम में निगम कनिष्ठ अभियंता सहित सेनेटरी इंस्पेक्टर, सैहब सुपरवाइजर, सैहब कोआर्डिनेटर और पलंबर सहित सात से दस कर्मचारी होंगे। यह टीम ऐसे भवनों की सूची तैयार कर नोटिस जारी करेगी जिनमें सीवरेज लाइन नजदीक होने के बावजूद सीवरेज कनेक्शन नहीं जोड़े गए हैं। टीमें सीवरेज और पानी की लीकेज भी जांचेगी। टीम लोगों को घरों की पानी की टंकियां साफ करने को लेकर भी प्रेरित करेगी।