फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सनशाइन कंपनी को नोटिस, धरोहर राशि जब्त करने की चेतावनी

Tue, 12 Jul 2016 10:15 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, शिमला
विज्ञापन
विज्ञापन
शहर के शौचालयों की बदहाल स्थिति को लेकर नगर निगम ने सनशाइन इंटरप्राइजेज को नोटिस जारी कर दिया है। नगर निगम ने कंपनी को दोटूक कहा है कि यदि शौचालयों की स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो कंपनी की ओर से जमा की गई धरोहर राशि जब्त कर टेंडर को कैंसल कर दिया जाएगा।
विज्ञापन


यह वही कंपनी है जिसे नगर निगम ने पहली जुलाई से शहर के शौचालयों के संचालन का जिम्मा सौंपा है। शहर के शौचालयों की बदहाल स्थिति में सुधार के लिए नगर निगम ने नए सिरे से टेंडर कर नई कंपनी को शौचालयों के संचालन का काम सौंपा था। पहली जुलाई से नगर निगम ने शहर के शौचालय नई कंपनी को हैंड ओवर कर दिए हैं लेकिन एक हफ्ते से अधिक का समय बीतने के बाद भी शौचालयों की स्थिति बदतर ही बनी हुई है।

नगर निगम ने पहली जुलाई को सुलभ इंटरनेशनल से शहर के 125 शौचालयों के संचालन का जिम्मा वापस लेकर यह काम सनशाइन इंटरनेशनल को सौंपा था। पहली जुलाई से शौचालयों का यूजर चार्ज 2 रुपये से बढ़ा कर 5 रुपये और स्नानागार में नहाने की दरें 10 से बढ़ा कर 20 रुपये कर दी गईं थीं।
विज्ञापन


कंपनी को जारी किया है नोटिस
संतोषजनक काम न करने पर सनशाइन इंटरनेशनल को नगर निगम ने नोटिस जारी किया है। यदि कंपनी शौचालयों के संचालन में लापरवाही बरतती है तो इनकी धरोहर राशि जब्त कर टेंडर कैंसल कर दिया जाएगा। -प्रशांत सरकैक, सहायक आयुक्त, नगर निगम

नगर निगम ने शुरू किया शौचालयों की रिपेयर का काम
शहर के खस्ताहाल शौचालयों के कारण लोगों को पेश आ रही दिक्कत के मद्देनजर नगर निगम ने शौचालयों की रिपेयर का काम शुरू कर दिया है। लोअर बाजार टनल के पास बने बदहाल शौचालय की रिपेयर का काम शुरू हो चुका है। इसी महीने शहर के कुछ और शौचालयों के जीर्णोद्धार का काम शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है। नए सिरे से नगर निगम ने शहर के शौचालयों के संचालन का जिम्मा सनशाइन इंटरप्राइजेज को सौंपा है।

सनशाइन शहर के शौचालयों की खस्ताहाल स्थिति पर सवाल उठा चुकी है। कंपनी का दावा है कि कई शौचालयों में न तो दरवाजे हैं न नलके न ही लाइट का बंदोबस्त है, ऐसे में इस मेजर रिपेयर पर ही लाखों रुपये खर्च हो जाएंगे। इसके बाद नगर निगम ने शहर के लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अपने स्तर पर ही शौचालयों की रिपेयर का काम शुरू कर दिया है।

रिपेयर करके दो, नहीं आएगी गंदगी की शिकायत
सनशाइन इंटरनेशनल के संचालक चंदन सिंह का कहना है कि अगर नगर निगम शौचालयों की रिपेयर करवा कर देता है तो लोगों को गंदगी की शिकायत नहीं आने दी जाएगी। मौजूदा समय में शौचालय बेहद बुरी स्थिति में है, सीवर लाइनें खुलवाने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है।

सुलभ के शौचालय भी खस्ताहाल, पब्लिक परेशान
शहर के तीनों बस अड्डों में शौचालयों की सफाई का जिम्मा सुलभ इंटरनेशनल के पास है। आईएसबीटी, ओल्ड बस स्टैंड और लक्कड़ बाजार बस स्टैंड में गंदगी के कारण हजारों लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। बताया जा रहा है कि निगम के शौचालयों

का जिम्मा छूटने के बाद सुलभ ने अपने कर्मी शिमला से बाहर ट्रांसफर कर दिए हैं। ऐसे में अब उन शौचालयों की हालत खराब हो गई है जो सुलभ के अधीन हैं। हालांकि  सुलभ के मैनेजर संधीर सिंह का कहना है कि शौचालयों में स्टॉफ बढ़ाया जा रहा है, अब समस्या पेश नहीं आएगी।

केएनएच के पास लीक हो रही सीवरेज लाइन
कमला नेहरू अस्पताल जाने वाली सड़क में बीते चार दिन से सीवरेज लाइन लीक होने के कारण लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर निगम को लीकेज के बारे में सूचित किया गया है बावजूद इसके कोई कार्रवाई नहीं की जा रही। सड़क किनारे नाली में सीवरेज का दूषित पानी बहने के कारण

अस्पताल आने वाले लोगों, तीमारदारों और स्थानीय दुकानदारों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। जिला शिमला बाल कल्याण समिति के सदस्य सुभाष वर्मा ने बताया कि सर्वोदय बाल आश्रम के लिए जाने वाला रास्ता भी इसी सड़क से होते हुए जाता है। सुभाष वर्मा ने नगर निगम से तुरंत सीवर लीकेज दुरुस्त करने की मांग की है।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें