नगर निगम में वीरवार को फाइनेंस एंड प्लानिंग कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक होगी। बैठक में पानी के बिल के फ्लैट रेट और यूनिट एरिया मेथड से प्रापर्टी टैक्स वसूली पर चर्चा होगी। एफसीपीसी की बैठक में पारित होने वाले प्रस्तावों को 13 अक्तूबर को होने वाले विशेष सदन में ले जाया जाएगा।
वीरवार को होने वाली बैठक में वाटर पालिसी में बदलाव होना संभावित है। इसके अलावा प्रापर्टी टैक्स के बिल जारी करने से इंकार कर रही शहर का फील्ड सर्वे करने वाली कंपनी परुडा पर शिकंजा कसने पर फैसला हो सकता है।
राजधानी में पीने के पानी का बिल दोबारा मीटर रीडिंग के आधार पर देने की निगम प्रशासन ने तैयारी की है। हाईकोर्ट द्वारा दोबारा रेट निर्धारित करने की अधिसूचना को रद करने के बाद निगम अधिकारियों ने यह प्रस्ताव तैयार किया है।
मीटर रीडिंग लेकर आने और बिल बांटने के काम को आउट सोर्स करने की योजना बनाई है। वीरवार को एफसीपीसी की बैठक में इस मामले को लाया जाएगा। इसके अलावा प्रशासन ने फ्लैट रेट को नोटिफाई करवाने के लिए मामला सरकार को भेजने का प्रस्ताव भी तैयार किया है।
किस प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है, यह वीरवार की बैठक में तय होगा। बैठक में वाटर पालिसी में बदलाव का प्रस्ताव भी लाया जाएगा। इसके तहत घरेलू उपभोक्ताओं को पानी की उपलब्धता के अनुसार चार से अधिक पानी कनेक्शन दिए जाएंगे। बैठक में पारित होने वाले सभी प्रस्तावों को अंतिम मंजूरी निगम के विशेष सदन में मिलेगी।