‘क्लीन शिमला ग्रीन शिमला’ मुहिम के तहत नगर निगम राजधानी शिमला के लोगों को गांधी जयंती पर अनूठा तोहफा देने जा रहा है। शहर को साफ सुथरा रखने के लिए आज से सड़कों पर नगर निगम का ‘स्वच्छता वाहन’ दौड़ेगा। स्वच्छता वाहन को बुलाने के लिए लोगों को 1916 पर कॉल करनी होगी। नगर निगम के कंट्रोल रूम में सूचना मिलते ही संबंधित क्षेत्र के लिए स्वच्छता वाहन रवाना कर दिया जाएगा।
नगर निगम सप्ताह के सात दिन सुबह सात बजे से रात नौ बजे के बीच लोगों को स्वच्छता वाहन की सेवा उपलब्ध करवाएगा। वाहन की दूर से ही पहचान हो सके इसके लिए इस पर विशेष तरह के फ्लैक्स बोर्ड लगाए गए हैं। वाहन में चालक के अतिरिक्त दो सफाई कर्मी तैनात रहेंगे। इसके अतिरिक्त सफाई से संबंधित सभी आवश्यक उपकरण भी वाहन में उपलब्ध रहेंगे। इस वाहन के माध्यम से नगर निगम लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक भी करेगा।
वाहन को ऑडियो कैसेट सिस्टम से जोड़ने के बाद लोगों को शहर में चलने वाले सफाई अभियानों की जानकारी भी स्वच्छता वाहन के जरिये उपलब्ध करवाई जाएगी। शहर में विभिन्न सामाजिक संगठनों की ओर से आयोजित किए जाने वाले सफाई अभियानों में अब नगर निगम का स्वच्छता वाहन भी शामिल होगा और लोगों को आवश्यक उपकरण उपलब्ध करवाए जाएंगे।
शहर की सड़कों पर कुत्ते और बंदरों के मरने पर अब लोगों को परेशानी नहीं झेलनी पड़ेगी। 1916 पर कॉल करने के बाद इन्हें उठाने के लिए स्वच्छता वाहन मौके पर पहुंच जाएगा। इससे शहर में सफाई रहेगी तथा स्वच्छता फैली रहेगी। साथ हजारों लोगों को सुविधा भी मिलेगी। यही नहीं किसी क्षेत्र विशेष सफाई अभियान चलाने में भी लोगों को मदद मिलेगी।
एक कॉल पर पहुंचेगा वाहन
नगर निगम आयुक्त पंकज राय का कहना
है कि स्वच्छता वाहन को बुलाने के लिए लोगों को सिर्फ एक कॉल करनी पड़ेगी।
वाहन में दो सफाई कर्मी जरूरी सामान के साथ तैनात रहेंगे। सुबह सात से रात
नौ बजे तक लोगों को यह सुविधा मिलेगी। इससे राजधानी में जब चाहें लोग सफाई
करवा सकेंगे।
वाहन नहीं पहुंचा तो सीधे कमिश्नर को जाएगा मैसेज
1916
पर कॉल के बाद अगर स्वच्छता वाहन आपके पास नहीं पहुंचता तो संबंधित क्षेत्र
के चीफ सेनेटरी इंस्पेक्टर को इसकी शिकायत का मैसेज पहुंच जाएगा। एक दिन
बाद शिकायत का मैसेज नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी को और दो दिन बाद नगर
निगम आयुक्त को पहुंच जाएगा।